विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राघोपुर में तेजस्वी यादव को लोगों ने घेरा, 'इस्तीफा दो' के लगे नारे; 13 बच्चों की मौत पर फूटा गुस्सा

Published: Thu, 15 Oct 2026 12:57 PM (IST)

राघोपुर में नाव हादसे के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे तेजस्वी यादव को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का ...और पढ़ें

HighLights

  1. तेजस्वी यादव को राघोपुर में लोगों के विरोध का सामना।

  2. नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत पर फूटा गुस्सा।

  3. स्थानीय लोगों ने घेरा, इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी।

संवाद सूत्र, राघोपुर(वैशाली)। राघोपुर में नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद लोगों का गुस्सा बुधवार रात सामने आया। हादसे के करीब 24 घंटे बाद नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव पीड़ित परिवारों से मिलने रामपुर श्यामचंद गांव पहुंचे।

लेकिन वहां उन्हें स्थानीय लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। भीड़ में मौजूद लोगों ने उन्हें घेरकर खरी-खोटी सुनाई और इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

‘आपको वोट देकर जिताया, फिर काम क्यों नहीं हो रहा?’

तेजस्वी यादव के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोगों ने कहा कि अगर काम नहीं हो रहा है तो इस्तीफा दे दीजिए।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें वोट देकर विधायक बनाया है। इस दौरान ‘इस्तीफा दो’ के नारे गूंजते रहे। मौके पर काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।

भोज में जा रहे लोगों से भरी नाव गंगा में डूबी थी

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में भोज खाने जा रहे लोगों से भरी नाव डूब गई थी। इस हादसे में 13 बच्चे-बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोगों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया था। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

पीड़ित परिवारों से मिले, सरकार पर भी साधा निशाना

विरोध और नारेबाजी के बीच तेजस्वी यादव ने मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना की जानकारी ली और शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी। बाद में मीडिया से बातचीत में उन्होंने हादसे को बेहद दुखद बताया और सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया।

मुआवजे के साथ तीन डिसमिल जमीन देने की मांग

तेजस्वी यादव ने कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्था होती तो शायद कुछ बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने मृतक परिवारों को उचित मुआवजा देने के साथ तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग की।

राघोपुर से तीसरी बार विधायक बने तेजस्वी यादव के दौरे के दौरान लोगों की नाराजगी ने हादसे के बाद क्षेत्र में उठ रहे सवालों को सामने ला दिया।

यह भी पढ़ें- 100 मीटर दूर था किनारा, फिर भी डूब गए 13 लोग; राघोपुर नाव हादसे की Inside Story