हाजीपुर: इनामी बदमाश को पकड़ने गई STF पर हमला, 4 जवान घायल; 3 हमलावर गिरफ्तार
हाजीपुर के बिदुपुर में 25 हजार के इनामी बदमाश को पकड़ने गई एसटीएफ टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर ...और पढ़ें

इनामी बदमाश को पकड़ने गई STF पर हमला, 4 जवान घायल; 3 हमलावर गिरफ्तार
HighLights
इनामी बदमाश की गिरफ्तारी के लिए गई एसटीएफ टीम पर हमला।
हमले में चार एसटीएफ जवान घायल, हथियार छीनने का प्रयास।
गलतफहमी के कारण स्थानीय लोगों ने किया हमला, तीन गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। बिदुपुर थाना क्षेत्र के भैरौपुर चौक पर मंगलवार को 25 हजार के इनामी बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापामारी करने गई एसटीएफ की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया।
हमले में एसटीएफ के चार जवान घायल हो गए। इस दौरान हथियार छीनने का भी प्रयास किया गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एसटीएफ की टीम कुख्यात 25 हजार के इनामी बदमाश दीवानी सिंह की गिरफ्तारी के लिए भैरौपुर चौक पर छापामारी करने गई थी। इसी दौरान भैरोपुर चौक पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था।
एसटीएफ के जवान सिविल ड्रेस में थे, इसलिए एक पक्ष के लोगों ने समझा कि दूसरे पक्ष ने मारपीट के लिए लोगों को बुलाया है। इसी गलतफहमी में दूसरे पक्ष के लोगों ने एसटीएफ टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान एसटीएफ के टीम के जवानों के साथ जमकर मारपीट की, हथियार छिनने का प्रयास किया गया।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान गोलीबारी भी हुई। मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के बाद सभी इधर-उधर भागने लगे। हमले में घायल जवानों की पहचान नरेंद्र कुमार, अमर कुमार, मुकेश कुमार और लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिदुपुर में भर्ती कराया।
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार, एसटीएफ डीएसपी दीपक कुमार कई थानों की पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे थाने पर पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि बिदुपुर में एसटीएफ की टीम बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गई थी, तभी स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। घायल दो जवानों का इलाज कराया गया है।
कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल सभी लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।
