अररिया में 500 के 434 नकली नोट बरामद! जाली करेंसी के साथ आरोपी गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही पूरे नेटवर्क का सुराग
अररिया पुलिस ने महलगांव थाना क्षेत्र में जाली भारतीय मुद्रा के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 500 ...और पढ़ें

जाली नोट बरामदगी पर प्रेस वार्ता करते एसपी जितेंद्र कुमार व सदर एसडीपीओ।
HighLights
अररिया में जाली नोटों के अवैध कारोबार का पर्दाफाश।
500 रुपये के 434 नकली नोटों के साथ एक गिरफ्तार।
कुल 2.17 लाख रुपये की जाली करेंसी जब्त की गई।
संवाद सूत्र, अररिया। Araria Fake Currency: अररिया जिले की पुलिस ने जाली भारतीय मुद्रा (जाली नोट) के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए महलगांव थाना क्षेत्र में छापेमारी कर इसका सफल पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 500 रुपये मूल्य के 434 जाली नोटों के साथ एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है।
बरामद जाली करेंसी का कुल अंकित मूल्य दो लाख 17 हजार रुपये (2,17,000) है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र कुमार ने कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस जाली नोटों के इस पूरे सिंडिकेट और इसके तार कहां से जुड़े हैं, इसकी गहनता से पड़ताल कर रही है।
गुप्त सूचना पर इसरवा गांव में रेड, एक आरोपी मौके से गिरफ्तार तो दूसरा फरार
एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि 5 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महलगांव थाना क्षेत्र के इसरवा गांव में जाली नोटों की खरीद-बिक्री का काला कारोबार चल रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
अररिया जिले के महलगांव थाना क्षेत्र स्थित इसरवा गांव (बरखेंगा कामत) में पुलिस की विशेष टीम ने की छापेमारी
कार्रवाई में 500 रुपये के कुल 434 जाली नोट (अंकित मूल्य ₹2,17,000) और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद
मौके से गिरफ्तार मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास; एक अन्य आरोपी भागने में सफल
एसपी जितेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी; बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर जाली नोट के मुख्य स्रोत की जांच शुरू
टीम ने इसरवा गांव निवासी मो. पनाउल्लाह उर्फ पनबुल (36 वर्ष) के बरखेंगा स्थित कामत पर अचानक दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही दो संदिग्ध भागने लगे, जिनमें से मो. पनाउल्लाह (पिता नजामुद्दीन) को पुलिस बल ने खदेड़कर दबोच लिया, जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार पनाउल्लाह का रहा है आपराधिक इतिहास, BNS की धाराओं में FIR दर्ज
तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपी के पास से 500 के 434 नकली नोट बरामद हुए। मामले में महलगांव थाना कांड संख्या 426/2026 (दिनांक 5 अक्टूबर 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 179/180/3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार पनाउल्लाह का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ वर्ष 2019 में महलगांव थाने में केस दर्ज कर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। एसपी के साथ प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार भी मौजूद थे। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी और जाली नोटों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
