विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथी की सवारी से स्विस काॅटेज तक... सोनपुर मेले का बदला अंदाज, लेकिन विदेशियों में आज भी बरकरार है आकर्षण

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:51 AM (GMT+05:30)

Sonepur Mela 2026: हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ आज भी अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों और प्रवासी भारतीयों को आकर्षित कर रहा है। 

सोनपुर में लगे व‍िव‍िध उत्‍पादों के स्‍टॉल। जागरण

सोनपुर में लगे व‍िव‍िध उत्‍पादों के स्‍टॉल। जागरण

HighLights

  1. सोनपुर मेला ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत समेटे हुए है।

  2. विदेशी पर्यटकों और प्रवासी भारतीयों में आज भी आकर्षण बरकरार।

  3. स्विस कॉटेज ग्रामीण संस्कृति से विदेशी पर्यटकों को लुभाते हैं।

संवाद सहयोगी, सोनपुर। उद्घाटन के बाद हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के रंग बिखेर रहा है।

नारायणी तट पर साधु-संतों की चहल-पहल है तो मेला परिसर में लोक संस्कृति और कारोबार की रौनक दिखाई दे रही है।

कभी विदेशी व्यापारियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा यह मेला आज भी सात समंदर पार तक अपनी पहचान बनाए हुए है।

समय के साथ इसका स्वरूप बदला, पशु व्यापार की पुरानी रौनक कम हुई, लेकिन विदेशी पर्यटकों और प्रवासी भारतीयों के बीच इसकी दिलचस्पी बरकरार है।

नदियों के रास्ते पहुंचते थे विदेशी व्यापारी

सोनपुर मेले के समीप से बहने वाली गंगा और नारायणी (गंडक) नदियां कभी विदेशी व्यापारियों के आवागमन का प्रमुख माध्यम थीं।

इतिहासकारों के शोध के अनुसार, मौर्य काल से ही पाटलिपुत्र व्यापार और अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। गंगा और गंडक जैसे जलमार्गों के जरिए विभिन्न क्षेत्रों और देशों के व्यापारी यहां पहुंचते थे। इसी व्यापारिक परंपरा से सोनपुर मेले की पहचान भी जुड़ी रही है।

विश्व व्यापार संगठन का गठन भले ही 20वीं सदी में हुआ, लेकिन सोनपुर मेला सदियों पहले से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक गतिविधियों का हिस्सा रहा है।

फ्रांस, वियतनाम, इजरायल, जापान, जर्मनी, स्विट्जरलैंड और ब्रिटेन सहित कई देशों के पर्यटक आज भी यहां पहुंचते हैं।

इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर जापान के तीन पर्यटकों ने मेले का भ्रमण किया और इसके इतिहास व धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी ली।

विदेश में रहने वाले भारतीय भी रखते हैं मेले पर नजर

सोनपुर मेले की लोकप्रियता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि अमेरिका, कनाडा और लंदन सहित कई देशों में रहने वाले प्रवासी भारतीय मेले के आयोजन की तारीख जानने के लिए अपने रिश्तेदारों को फोन करते हैं।

वे विदेशी मित्रों को भी इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के बारे में बताते हैं। भारत आने वाले रिश्तेदार मेले का भ्रमण कर वहां की तस्वीरें विदेश में रह रहे परिजनों को भेजते हैं। इस तरह मेले की चर्चा देश की सीमाओं से बाहर भी बनी रहती है।

स्विस काॅटेज में ग्रामीण संस्कृति का आकर्षण

विदेशी पर्यटकों के ठहरने के लिए पर्यटन विभाग ने मेले में राजस्थानी शैली के स्विस काॅटेज तैयार कराए हैं। इनमें भारतीय ग्रामीण जीवन और लोक संस्कृति की झलक मिलती है।

कुछ वर्ष पहले तक विदेशी पर्यटकों को हाथी पर बैठाकर मेला घुमाने की व्यवस्था भी होती थी। हाथी की सवारी और हाथी स्नान पर्यटकों के लिए खास आकर्षण हुआ करते थे। हालांकि, अब ये नजारे मेले के पुराने दिनों की याद बनकर रह गए हैं।

सोनपुर मेला अब पहले की तरह पशु व्यापार पर केंद्रित नहीं रहा, लेकिन इसकी पहचान आज भी कायम है। यहां ऐसी कई वस्तुओं की दुकानें सजती हैं। 

यह आम दिनों में आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं। खेल-तमाशे और मनोरंजन के साधनों के साथ खरीदारी के लिए भी लोगों की भीड़ पहुंच रही है।

हालांकि, मेला परिसर अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है। कई सरकारी और गैर सरकारी प्रदर्शनियों के निर्माण का काम जारी है।

इसके बावजूद लोगों की आवाजाही बनी हुई है। आने वाले दिनों में प्रदर्शनियों और अन्य आकर्षणों के तैयार होने के साथ मेले की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सम्राट पशु मेला तक सीमित नहीं रहेगा सोनपुर मेला, CM सम्राट चौधरी ने उद्घाटन समारोह में किए बड़े एलान 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।