विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथियों की शाही चाल से खिलाड़ियों की हुंकार तक... सोनपुर मेले में अब सजेगा खेलों का महासंग्राम

Published: Sun, 22 Nov 2026 03:39 PM (IST)

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला अब हाथियों के साथ खेलों के रोमांच से भी अपनी पहचान बना रहा है। 30 नवंबर से 13 दिसंबर तक बिहार के नौ प्रमंडलों की टीमें 14 खेल विधाओं में अपना दमखम दिखाएंगी, जिसमें कबड्डी, नौका दौड़ और कुश्ती जैसे मुकाबले शामिल हैं।

हाथियों के मेले में अब खिलाड़ियों की ताकत का प्रदर्शन

हाथियों के मेले में अब खिलाड़ियों की ताकत का प्रदर्शन

HighLights

  1. सोनपुर मेले में 30 नवंबर से 13 दिसंबर तक खेल।

  2. बिहार के नौ प्रमंडलों की टीमें 14 खेलों में भाग लेंगी।

  3. कबड्डी, नौका दौड़, कुश्ती जैसे रोमांचक मुकाबले होंगे।

संवाद सहयोगी, सोनपुर। कभी हाथियों की शान, घोड़ों की टाप और रंग-बिरंगे पक्षियों की चहचहाहट से पहचान बनाने वाला विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला अब खेलों के रोमांच से भी अपनी नई पहचान गढ़ने जा रहा है। मेले में 30 नवंबर से 13 दिसंबर तक खेलों का महासंग्राम देखने को मिलेगा। बिहार के सभी नौ प्रमंडलों की टीमें 14 खेल विधाओं में अपना दमखम दिखाएंगी।

कबड्डी से लेकर क्रिकेट, कुश्ती और नौका दौड़ तक मुकाबलों का रोमांच रहेगा। सोनपुर के मैदानों से लेकर गंगा-गंडक के घाटों तक खिलाड़ियों का जोश दिखाई देगा। जिला खेल कार्यालय, सारण ने प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम तय कर दिया है।

हाथियों के मेले में अब खिलाड़ियों की ताकत का प्रदर्शन

सोनपुर मेले की पहचान कभी हाथियों, घोड़ों और पशु-पक्षियों के विशाल बाजार से हुआ करती थी। मेले में दूर-दराज से लोग पशुओं की खरीद-बिक्री और अनोखी रौनक देखने पहुंचते थे।

समय के साथ मेले का स्वरूप बदला और अब यहां संस्कृति, पर्यटन, मनोरंजन के साथ खेलों को भी खास जगह मिल रही है। इसी कड़ी में इस बार अंतरप्रमंडलीय खेल प्रतियोगिताएं आकर्षण का बड़ा केंद्र बनने जा रही हैं। 30 नवंबर से शुरू होने वाले मुकाबलों में बिहार के नौ प्रमंडलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

14 खेलों में दिखेगा दम, कबड्डी से होगी शुरुआत

जिला खेल कार्यालय, सारण की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिताओं में कुल 14 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें कबड्डी, खो-खो, नौका दौड़, घुड़दौड़, टग ऑफ वार, शतरंज, योग, क्रिकेट, हैंडबॉल, वालीबाल, फुटबॉल, पैरा एथलेटिक्स, बॉडीबिल्डिंग और कुश्ती-दंगल शामिल हैं।

प्रतियोगिताओं की शुरुआत 30 नवंबर को कबड्डी से होगी, जो 1 दिसंबर तक चलेगी। इसके बाद 2 और 3 दिसंबर को खो-खो के मुकाबले आयोजित होंगे। अलग-अलग खेलों के जरिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

गंगा-गंडक की लहरों पर होगी नौका दौड़

इस बार सोनपुर मेले में खेलों का रोमांच मैदान तक सीमित नहीं रहेगा। 3 दिसंबर को पुल घाट से काली घाट तक नौका दौड़ आयोजित की जाएगी। वहीं, 4 दिसंबर को घुड़दौड़ का आयोजन होगा।

5 दिसंबर को टग ऑफ वार, शतरंज और योग प्रतियोगिताएं होंगी। इन आयोजनों से मेले की पारंपरिक पहचान और आधुनिक खेल संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। खासकर नौका दौड़ दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती है।

क्रिकेट के लिए छह दिन, फुटबॉल-वॉलीबाल में भी टक्कर

क्रिकेट प्रेमियों के लिए 6 से 11 दिसंबर तक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 7 और 8 दिसंबर को हैंडबॉल प्रतियोगिता होगी। 9 और 10 दिसंबर को वॉलीबाल के मुकाबले होंगे, जबकि फुटबॉल प्रतियोगिता 9 से 11 दिसंबर तक चलेगी।

इन खेलों में नौ प्रमंडलों की टीमें आमने-सामने होंगी। लगातार कई दिनों तक चलने वाले मुकाबलों से सोनपुर मेले का खेल परिसर खिलाड़ियों और दर्शकों की चहल-पहल से गुलजार रहेगा।

आखिरी दो दिन पैरा एथलेटिक्स और कुश्ती-दंगल का रोमांच

खेल प्रतियोगिताओं का समापन 12 और 13 दिसंबर को होगा। इन दो दिनों में पैरा एथलेटिक्स, बॉडीबिल्डिंग और कुश्ती-दंगल के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। कुश्ती-दंगल मेले की पारंपरिक खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देगा, वहीं पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ियों की प्रतिभा और हौसले को मंच प्रदान करेगा। बॉडीबिल्डिंग के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और अनुशासन का प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

डाक बंगला मैदान से रेलवे ग्राउंड तक होगी खेलों की धूम

अधिकांश प्रतियोगिताएं सोनपुर के डाक बंगला मैदान में आयोजित की जाएंगी। क्रिकेट और वॉलीबाल के मुकाबलों के लिए रेलवे ग्राउंड को चुना गया है। वहीं, नौका दौड़ पुल घाट से काली घाट तक होगी।

प्रतियोगिताओं के बेहतर संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा, मैदान निर्माण और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारियों को सौंपी गई है।

मेले की रौनक में जुड़ने जा रहा खेलों का नया अध्याय

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में खेल प्रतियोगिताओं को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। कभी हाथियों की कतारों और पक्षियों की चहचहाहट से गूंजने वाला यह मेला अब खिलाड़ियों की हुंकार और दर्शकों की तालियों से भी गूंजेगा।

नौ प्रमंडलों के बीच होने वाले मुकाबले बिहार की खेल प्रतिभाओं को एक साझा मंच देंगे। इस तरह सोनपुर मेला अपनी ऐतिहासिक विरासत को संजोते हुए खेल संस्कृति के नए अध्याय की ओर बढ़ता नजर आएगा।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में जाने से पहले जान लें नया ट्रैफिक रूट, 23 से 25 नवंबर तक वाहनों की NO ENTRY

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।