सोनपुर मेले में बांस का कमाल, ताजमहल से लेकर टाइटेनिक जहाज तक; समस्तीपुर के शिल्पकारों ने गढ़ी कमाल की दुनिया
विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले के क्राफ्ट ग्राम में समस्तीपुर के शिल्पकारों द्वारा बांस से बनी अद्भुत कलाकृतियां प्रदर्शित की जा रही हैं।

लगलग पक्षी के साथ शिल्पकार सचिन। जागरण
HighLights
बांस कला केंद्र की प्रदर्शनी सोनपुर मेले का मुख्य आकर्षण बनी।
शिल्पकार रामचंद्र राम को उत्कृष्ट बांस शिल्प के लिए राज्य पुरस्कार मिला।
गजेंद्र मोक्ष, ताजमहल, टाइटेनिक जैसी कलाकृतियां उपलब्ध हैं।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के क्राफ्ट ग्राम में चांदपुर धमौन-हसनपुर गुर्दा के बांस कला केंद्र की प्रदर्शनी सैलानियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
राज्य पुरस्कार से सम्मानित शिल्पकार रामचंद्र राम और उनके पिता बालेश्वर राम की लोकख्याति प्राप्त इस कला प्रदर्शनी में भगवान श्रीगजेंद्र मोक्ष की मनमोहक प्रतिमा लोगों का ध्यान विशेष रूप से खींच रही है।

स्टॉल पर कलाकृतियां देखने और खरीदारी के लिए मोलभाव करने वालों की भीड़ जुट रही है। गजेंद्र मोक्ष की प्रतिमा के अलावा विघ्नहर्ता श्रीगणेश, मोर और बाज पक्षी की बांस से बनी आकृतियां भी सैलानियों को आकर्षित कर रही हैं।

धार्मिक प्रतिमाओं से लेकर जहाज, ताजमहल और रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं तक की कलाकृतियां यहां प्रदर्शित हैं।
प्रदर्शनी स्टॉल पर मौजूद समस्तीपुर जिले के पटोरी प्रखंड अंतर्गत चांदपुर धमौन-हसनपुर गुर्दा निवासी सचिन कुमार ने बताया कि इस वर्ष बांस शिल्प की करीब 100 तरह की कलाकृतियां मेले में लाई गई हैं। उन्होंने बताया कि परिवार वर्षों से सोनपुर मेले में अपनी कला का प्रदर्शन करता आ रहा है।
100 से लेकर 7500 रुपये तक की कलाकृतियां
बांस कला केंद्र के स्टॉल पर गज-ग्राह की प्रतिमा 7500 रुपये, भगवान रामचंद्र की प्रतिमा 6500 रुपये और विघ्नहर्ता श्रीगणेश की प्रतिमा 6000 रुपये में उपलब्ध है।
बड़े मोर की कीमत 4500 रुपये और छोटे मोर की 550 रुपये रखी गई है। टाइटेनिक जहाज और ताजमहल की प्रतिकृति 2500-2500 रुपये में मिल रही है।
इसके अलावा बाज पक्षी और हेलीकाप्टर की कलाकृति 1200-1200 रुपये, टेबल लैंप 1000 रुपये, घर की प्रतिकृति 300 रुपये, फूल 250 रुपये प्रति नग और कप 100 रुपये में उपलब्ध है। अलग-अलग आकार और उपयोग की इन कलाकृतियों को देखने के लिए लोग स्टॉल पर रुक रहे हैं।
राज्य पुरस्कार से सम्मानित हैं शिल्पकार रामचंद्र राम
सचिन कुमार के अनुसार, उनके परिवार की कई पीढ़ियां बांस शिल्प से जुड़ी रही हैं और परिवार लंबे समय से सोनपुर मेले में अपनी कला का प्रदर्शन करता आ रहा है।
शिल्पकार रामचंद्र राम को उत्कृष्ट बांस शिल्प के लिए राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। पिछले वर्ष मेले में उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सम्मानित किया था।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सम्राट पशु मेला तक सीमित नहीं रहेगा सोनपुर मेला, CM सम्राट चौधरी ने उद्घाटन समारोह में किए बड़े एलान