जब टमटम से होता था प्रचार और सोनपुर मेले में रातभर गूंजती थी गुलाब बाई की नौटंकी; अब आधुनिक थियेटरों की धूम
सोनपुर मेले की पहचान रही नौटंकी, खासकर पद्मश्री गुलाब बाई की प्रस्तुति, अब इतिहास बन चुकी है। आधुनिक थियेटरों ने इसका स्थान ले लिया है, जिससे नगाड़ों की गूंज और पायलों की झंकार वाले मंच सूने पड़ गए हैं।

सोनपुर मेले में रातभर गूंजती थी गुलाब बाई की नौटंकी (सौ. जागरण)
HighLights
सोनपुर मेले में नौटंकी का स्वर्णिम युग अब समाप्त।
पद्मश्री गुलाब बाई की नौटंकी थी मेले की शान।
आधुनिक थियेटरों ने ली पारंपरिक नौटंकी की जगह।
अवध किशोर शर्मा, हाजीपुर। कभी हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की पहचान रही नौटंकी अब इतिहास बन चुकी है। पद्मश्री सम्मानित गुलाब बाई के दौर के बाद यह लोककला धीरे-धीरे विलुप्त होती गई और उसकी जगह आधुनिक थियेटरों ने ले ली।
कभी नगाड़ों की गूंज, सारंगी-हारमोनियम की धुन और पायलों की झंकार से रातभर गुलजार रहने वाले मंच अब सूने हैं। दोहा, सवैया, कव्वाली, बहर-ए-तबील, लावनी और चौबोला से सजी नौटंकी की प्रस्तुतियां भी बीते दौर की बात हो गई हैं।
गुलाब बाई की नौटंकी के लिए मशहूर सोनपुर मेला
गुलाब बाई की प्रस्तुतियों में गजल, लोकगीत, शास्त्रीय और अर्धशास्त्रीय संगीत का अनूठा संगम होता था। ''गुलरि के फूलवा बलम'', ''माहे पीहर में मत छोड़'', ''नदी-नारे न जाओ श्याम पइयां पड़ूं'' और ''शहर बनारस जाइयो तो लहंगा ले अइयो'' जैसी ठुमरी-दादरा खूब लोकप्रिय थीं।
वर्ष 1930 से 1970 के दशक तक सोनपुर मेला पशुओं की खरीद-बिक्री के साथ गुलाब बाई की नौटंकी के लिए भी मशहूर था। उस दौर के थियेटर साहित्यिक कहानियों और लोकगीतों पर आधारित होते थे, जिन्हें पूरा परिवार एक साथ देखता था।
मंच से उठती थी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज
गुलाब बाई सिर्फ कलाकार नहीं, समाज सुधारक भी थीं। उन्होंने मेले के मंच से दहेज प्रथा और महिला उत्पीड़न जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। भारतीय लोककला में योगदान के लिए वर्ष 1990 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
जानकारों के अनुसार, वर्ष 1934 के करीब त्रिमोहन की कंपनी में गुलाब बाई और कृष्णा बाई आई थीं। गुलाब बाई की आवाज के बारे में कहा जाता था कि भगवान ने उनके गले में बांसुरी फिट कर दी है। उनका हर पाठ हूबहू उतरता था। उनके दौर के साथ ही नौटंकी का स्वर्णकाल भी समाप्त हो गया।
पारसी थियेटर से मिली पहचान, हरबल्लभ सिंह ने संवारा
वर्ष 1910 से पहले मेले में पारसी थियेटर की दादा भाई ढूंढी कंपनी आती थी। बाद में सोहराब जी, दोहराब जी और आगा हश्र खां जैसे कलाकारों ने नौटंकी को पहचान दिलाई।
वर्ष 1946 के आसपास लालमणि नंबरदार ने पर्दे का इस्तेमाल शुरू किया। बिहार में नौटंकी के विकास में सोनपुर के स्व. हरबल्लभ सिंह का अहम योगदान रहा। उन्हें नौटंकी शिरोमणि कहा जाता था।
उन्होंने जीवनभर अपनी संपत्ति इसके विकास में लगा दी। स्व. लगनदेव सिंह, मास्टर बबन, रोशन साहब और जोकर अख्तर साहब जैसे कलाकार भी अब नहीं रहे।
टमटम से होता था प्रचार, नाटकों की रहती थी धूम
उस दौर में नौटंकी का प्रचार टमटम से होता था। प्रचारक हैंडबिल लेकर आवाज लगाता था और साथ में हारमोनियम पर बहर-ए-तबील की धुन बजती थी। ''हरिश्चंद्र-तारामती'', ''जहांगीर का इंसाफ'', ''गुलाबकाबली'', ''लैला-मजनू'', ''अमर सिंह राठौर'', ''शीरीं-फरहाद'', ''रोमियो-जूलियट'', ''सुल्ताना डाकू'', ''भक्त पूरनमल'', ''अनारकली'', ''हीर-रांझा'' और ''हल्दी घाटी'' जैसे नाटक दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय थे।
नीलम संध्या सहित कई अन्य नौटंकियां भी चर्चित रहीं। कलकत्ता की बानी साहब की कंपनी के साथ मेले में पहली बार लाउडस्पीकर आया। बाद में आजाद हिंदुस्तान थियेट्रिकल कंपनी भी पहुंची। अब सोनपुर मेले में नौटंकी पार्टियां नहीं आतीं।
दर्शकों को रात गुजारने के लिए नौटंकी हाल की जरूरत नहीं पड़ती। आधुनिक थियेटर, साउंड-लाइट और मनोरंजन के नए साधनों ने पुरानी परंपरा की जगह ले ली है। हालांकि, हर वर्ष गुलाब नामधारी कोई न कोई थियेटर मेले में पहुंचता है। इससे गुलाब बाई की याद और उनकी विरासत आज भी चर्चा में बनी रहती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।