सोनपुर मेले में दिखेगी बिहार की अनोखी झलक, रोमांचक झूलों के साथ मिलेगा लिट्टी-चोखा और ठेकुआ का स्वाद
सोनपुर मेले में देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए पारंपरिक ग्रामीण परिवेश, धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों और मनोरंजन की तैयारी है। रोमांचक झूलों के साथ लिट्टी-चोखा और ठेकुआ जैसे पारंपरिक बिहारी व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा।

सोनपुर मेले में दिखेगी बिहार की अनोखी झलक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पारंपरिक ग्रामीण परिवेश, धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का अनुभव।
ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन जैसे रोमांचक झूलों का आनंद।
लिट्टी-चोखा, ठेकुआ सहित पारंपरिक बिहारी व्यंजनों का स्वाद।
जागरण संवाददाता, पटना। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में देशी-विदेशी पर्यटकों को पारंपरिक ग्रामीण परिवेश, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ मनोरंजन का भी भरपूर अनुभव देने की तैयारी की जा रही है।
नखास क्षेत्र, चिड़िया बाजार और लकड़ी बाजार में आकर्षक झूले लगाए जा रहे है। इन बाजारों में झूलों की स्थापना और मनोरंजन स्थलों को सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा है।
छोटे बच्चों के लिए आकर्षक झूले
छोटे बच्चों के लिए आकर्षक झूले लगाए जा रहे है, जबकि युवाओं और बड़ों के लिए रोमांच से भरपूर बड़े झूलों की व्यवस्था की जा रही है। ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन और नाव झूला जैसे मनोरंजन के साधन मेले में पहुंचने वाले सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
सोनपुर मेले में झूलों की दुनिया हमेशा से पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रही है। दिनभर मेले के विभिन्न बाजारों, पशु बाजार और प्रदर्शनी स्थलों का भ्रमण करने के बाद पर्यटक शाम के समय झूलों का आनंद ले सकेंगे।
शाम ढलते ही नखास एरिया से लेकर चिड़िया बाजार और लकड़ी बाजार तक रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा इलाका जगमगा उठेगा। झूलों की आवाज, रोशनी और लोगों की चहल-पहल मेले के उत्सवी माहौल को और खास बनाएगी।
खान-पान की संस्कृति से रूबरू होंगे पर्यटक
मेले में विशेष फूड कोर्ट की व्यवस्था की जा रही है, जहां राज्य के पारंपरिक व्यंजनों और विविध पकवानों को उपलब्ध कराने की तैयारी है। इस पहल का उद्देश्य मेले में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को बिहार के स्वाद, संस्कृति और पारंपरिक खान-पान से रूबरू कराना है।
फूड कोर्ट में लिट्टी-चोखा, सत्तू से बने व्यंजन, ठेकुआ सहित बिहार के पारंपरिक पकवानों को विशेष पहचान देने का अवसर मिलेगा। इसके लिए जिला प्रशासन, सारण की ओर से खाद्य व्यवसायियों एवं स्टॉल संचालकों को आमंत्रित किया गया है। चयनित प्रतिभागियों को 15×10 फीट का स्टॉल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक स्टॉल के साथ टेबल, कुर्सियां, लाइट और कारपेट की व्यवस्था भी प्रशासन करेगा।