विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेला में अभेद्य सुरक्षा का घेरा, बनाए गए 21 अस्थायी थाने; गंडक नदी में चलंत थाना और गोताखोर तैनात

Published: Fri, 20 Nov 2026 01:36 PM (IST)

पुलिस प्रशासन ने हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के लिए व्यापक सुरक्षा तैयारियां की हैं, जिसमें 21 अस्थायी थाने स्थापित किए गए हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गंडक नदी में चलंत थाना और गोताखोर भी तैनात रहेंगे।

सोनपुर मेला में बनाए गए 21 अस्थायी थाने (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

सोनपुर मेला में बनाए गए 21 अस्थायी थाने (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सोनपुर मेला में 21 अस्थायी थाने स्थापित किए गए।

  2. गंडक नदी में चलंत थाना और गोताखोर तैनात रहेंगे।

  3. महिलाओं की सुरक्षा हेतु विशेष महिला कोषांग भी बना।

जागरण संवाददाता, छपरा। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं और सैलानियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है। 

22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले मेले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित थानों के अतिरिक्त अस्थायी थाने स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र को अलग-अलग सुरक्षा क्षेत्रों में बांटकर निगरानी की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

21 अस्थायी थाने पूरी क्षमता से काम करेंगे

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के संयुक्त आदेश के अनुसार, उद्घाटन समारोह और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर 22 से 25 नवंबर तक सभी 21 अस्थायी थाने पूरी क्षमता से काम करेंगे। 

इसके बाद 26 नवंबर से मेला समाप्ति तक 13 प्रमुख थानों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जाएगी। सभी थानों में पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल, लाठी बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।

दो नए थानों से बढ़ेगी पुलिस की पहुंच

इस वर्ष यदुवंशी नगर चौक (एनएच-19) और सवाईच घाट पर दो नए अस्थायी थाने बनाए गए हैं। हाथी बाजार और पुराना गंडक पुल थाने के स्थान पर पुल घाट थाना स्थापित किया गया है। इससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और निगरानी मजबूत होगी। गंडक नदी में चलंत थाना कार्यरत रहेगा। 

वहीं, माही ब्रिज थाने में गोताखोरों और महाजाल की व्यवस्था की गई है, ताकि स्नान के दौरान डूबने या अन्य दुर्घटना की स्थिति में तत्काल बचाव अभियान चलाया जा सके। मीना बाजार थाने में विशेष महिला कोषांग भी बनाया गया है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, अस्थायी थानों की तैनाती से मेला क्षेत्र में भीड़ और यातायात नियंत्रण के साथ महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा अश्लील प्रदर्शन पर रोक लगाने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भी पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी।

अस्थायी थानों के प्रभारी और पदाधिकारी

क्रम अस्थायी थाना प्रभारी पुलिस पदाधिकारी
1 नखास थाना पुनि विशाल आनंद
2 मीना बाजार थाना पुनि रामबाबू राम
3 थियेटर थाना पुनि वीरेंद्र कुमार सिंह
4 गोविन्दचक मोड़ थाना पुअनि जितेंद्र कुमार
5 गज ग्राह चौक थाना पुअनि रितेश कुमार मंडल
6 त्रिभुवन चौक थाना पुनि कामेश्वर प्रसाद
7 शिवबचन चौक थाना पुनि अशोक कुमार
8 बजरंग चौक थाना पुअनि अजय कुमार
9 चिड़िया बाजार थाना पुअनि सूरज कुमार
10 काली घाट थाना पुनि रंजीत पासवान
11 महिपत थाना पुनि शशिरंजन कुमार
12 बैरियाचक थाना पुनि विपिन कुमार
13 गंडक नदी चलंत थाना पुअनि राकेश कुमार-4
14 माही ब्रिज थाना पुनि ज्ञान प्रकाश
15 ड्रोलिया सिन्दुर चौक थाना पुअनि चंदन कुमार राम
16 पहलेजा स्नानघाट थाना पुनि सृजन कुमार
17 बैलहट्टा थाना पुअनि सुमन कुमार मिश्रा
18 पुल घाट थाना पुअनि कमल राम
19 घोड़ा बाजार थाना पुअनि मनोज कुमार
20 यदुवंशी नगर चौक थाना पुअनि मुकेश कुमार
21 सवाईच घाट थाना पुअनि मनोज कुमार

यह भी पढ़ें- 22 नवंबर को शाही अंदाज में सोनपुर मेले का आगाज, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन; मेले में मनोरंजन का तड़का


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।