विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेले में दिखा आस्था का अनूठा रंग, चलती-फिरती मंदिर व गौशाला बनी सजी गाड़ी; उमड़े श्रद्धालु

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:54 PM (IST)

सोनपुर मेले में कार्तिक पूर्णिमा पर एक सजी-धजी गाड़ी चलती-फिरती मंदिर और गौशाला में बदल गई, जिसने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। गंगा-गंडक संगम पर स्नान के बाद लोग देवी-देवताओं के दर्शन और गौमाता की पूजा कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

सोनपुर मेले में दिखा आस्था का अनूठा रंग (सौ. जागरण)

सोनपुर मेले में दिखा आस्था का अनूठा रंग (सौ. जागरण)

HighLights

  1. सोनपुर मेले में सजी गाड़ी बनी चलती-फिरती मंदिर गौशाला।

  2. कार्तिक पूर्णिमा पर देवी-देवताओं के दर्शन, गौमाता की पूजा।

  3. श्रद्धालुओं ने गंगा-गंडक संगम स्नान के बाद पुण्य लाभ कमाया।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का अनूठा दृश्य देखने को मिला। मेला क्षेत्र में संत रामलखन दास मुख्य सड़क के किनारे खड़ी सजी-धजी गाड़ी श्रद्धालुओं के लिए चलती-फिरती मंदिर और गौशाला का रूप ले चुकी थी। 

गाड़ी पर विराजमान देवी-देवताओं के दर्शन और गौमाता की पूजा के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। गाड़ी को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इसके ऊपरी हिस्से पर बड़े अक्षरों में ॐ अंकित है। पिछले हिस्से में मां दुर्गा, भगवान गणेश और भगवान शिव की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित हैं।

वहीं, दूसरे हिस्से में भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं। गाड़ी के ऊपर 'जय श्रीकृष्ण' लिखा है। साथ ही राधेश्याम गौशाला का बैनर भी लगा है।

मुख्य आकर्षण वहां खड़ी श्वेत गौमाता

इस चलती-फिरती गौशाला का मुख्य आकर्षण वहां खड़ी श्वेत गौमाता है। उसे फूल-माला और तिलक से सजाया गया है। गले में घंटी बंधी है। श्रद्धालु श्रद्धाभाव से गौमाता के चरण स्पर्श कर रहे हैं, प्रणाम कर रहे हैं और उसे चारा खिला रहे हैं। 

भगवा वस्त्र धारण किए एक युवक गौमाता के मस्तक से अपना मस्तक लगाकर आशीर्वाद लेता दिखाई दिया। महिलाएं भी हाथ जोड़कर गौमाता की परिक्रमा और पूजा करती नजर आईं। हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। 

रुककर देवी-देवताओं के दर्शन कर रहे

मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान, दान और गौसेवा से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। हरिहरक्षेत्र में गंगा-गंडक संगम पर स्नान करने आए श्रद्धालुओं के लिए यह गाड़ी आस्था का नया केंद्र बन गई। 

स्नान के बाद लोग यहां रुककर देवी-देवताओं के दर्शन कर रहे हैं और गौमाता को प्रणाम कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। इसलिए गौमाता के दर्शन मात्र से सभी देवी-देवताओं के दर्शन का फल प्राप्त होता है। 

सड़क किनारे भक्ति का यह सजीव दृश्य राहगीरों को भी रुककर दर्शन करने के लिए आकर्षित कर रहा है। मेले में यह दृश्य गौ रक्षा, गौसेवा और भारतीय संस्कृति के प्रति श्रद्धा का संदेश दे रहा है।

यह भी पढ़ें- पेड़ पर लटका भाप इंजन बना सोनपुर मेले का नया आकर्षण! रेल ग्राम में दिखेगी 1863 से आधुनिक रेलवे तक की झलक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।