पेड़ पर लटका भाप इंजन बना सोनपुर मेले का नया आकर्षण! रेल ग्राम में दिखेगी 1863 से आधुनिक रेलवे तक की झलक
सोनपुर मेले के रेल ग्राम में एक पेड़ पर लटका भाप इंजन भारतीय रेलवे की गौरवशाली विरासत को जीवंत कर रहा है। यह प्रदर्शनी 1863 से आधुनिक रेलवे तक के सफर को दर्शाते हुए दर्शकों को आकर्षित कर रही है।

पेड़ पर लटका भाप इंजन बना सोनपुर मेले का नया आकर्षण (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पेड़ पर लटका भाप इंजन सोनपुर मेले का मुख्य आकर्षण।
प्रदर्शनी में 1863 से आधुनिक रेलवे का सफर प्रदर्शित।
भारतीय रेलवे की गौरवशाली विरासत को जानने का अवसर।
जागरण संवाददाता, नयागांव (सारण)। कभी कोयले की आग और भाप के दम पर पटरियों पर दौड़ने वाले रेल इंजन आज भले ही इतिहास बन चुके हों, लेकिन सोनपुर मेले के रेल ग्राम में उनकी यादें एक बार फिर जीवंत होने जा रही हैं। यहां पेड़ पर लटकाया गया पुराने जमाने का भाप इंजन दर्शकों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है।
एलईडी रोशनी से सजा यह इंजन न सिर्फ लोगों को आकर्षित करेगा, बल्कि उन्हें भारतीय रेलवे की गौरवशाली विरासत की यात्रा पर भी ले जाएगा। हालांकि, रेलवे की इस प्रदर्शनी का उद्घाटन अभी नहीं हुआ है, लेकिन इसकी तैयारियां लोगों के बीच उत्सुकता बढ़ा रही हैं।
रेल सफर को करीब से जानने का मौका
विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में रेलवे विभाग की ओर से लगाई गई यह प्रदर्शनी अतीत से वर्तमान तक के रेल सफर को करीब से जानने का अवसर प्रदान करेगी। रेल ग्राम में कदम रखते ही दर्शक उस दौर की कल्पना कर सकेंगे, जब आधुनिक तकनीक और सुविधाओं का नामोनिशान नहीं था और रेल व्यवस्था शुरुआती प्रयोगों के सहारे आगे बढ़ रही थी।
प्रदर्शनी में वर्ष 1863 से लेकर आधुनिक रेलवे के विकास तक की झलक प्रस्तुत की गई है। पुराने समय में घोड़ों से बग्घियां खींचने, बैलों के माध्यम से रेलगाड़ी खींचने और हाथियों द्वारा मालगाड़ी के डिब्बों को धकेलने जैसे दुर्लभ प्रसंगों को मॉडल के जरिए दर्शाया गया है। ये दृश्य बताएंगे कि भारतीय रेलवे का सफर कितना चुनौतीपूर्ण रहा है और किस तरह समय के साथ रेल परिवहन ने आधुनिक स्वरूप हासिल किया।
भाप इंजन विशेष आकर्षण का केंद्र
रेल विरासत की इस यात्रा में भाप इंजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। कभी कोयले से पानी गर्म कर भाप तैयार की जाती थी और उसी की ताकत से छोटी रेल लाइनों पर सात से दस डिब्बों वाली गाड़ियां दौड़ती थीं। आज उन्हीं इंजनों की जगह डीजल और इलेक्ट्रिक इंजनों ने ले ली है। पेड़ पर लटकाया गया हल्का भाप इंजन इसी बीते दौर की यादों को अनोखे अंदाज में सामने लाएगा। इसे देखकर बुजुर्ग अपने पुराने रेल सफर को याद कर सकेंगे, जबकि बच्चे रेलवे के उस दौर की तकनीक और कार्यप्रणाली से परिचित होंगे।
प्रदर्शनी में भारतीय रेलवे के ऐतिहासिक पड़ावों को भी दर्शाया गया है। बताया गया है कि देश में पहली बार 22 दिसंबर 1851 को रेल पटरी पर दौड़ी थी। इसके बाद 16 अप्रैल 1853 को मुंबई से ठाणे के बीच पहली यात्री ट्रेन चली थी। करीब 35 किलोमीटर के इस सफर में भाप इंजन के साथ 14 डिब्बे लगाए गए थे।
पुराने इंजनों और रेलगाड़ियों की कहानी
वर्ष 1936 में यात्री डिब्बों को वातानुकूलित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। भारतीय रेलवे अधिनियम 1890 और वर्ष 1950 में रेलवे के राष्ट्रीयकरण जैसे महत्वपूर्ण पड़ावों की जानकारी भी इस विरासत यात्रा का हिस्सा होगी।
यहां केवल पुराने इंजनों और रेलगाड़ियों की कहानी ही नहीं, बल्कि रेलवे की कार्यसंस्कृति और सुरक्षा व्यवस्था को भी समझने का मौका मिलेगा। सिग्नल एवं सुरक्षा, चिकित्सा, वाणिज्य और यांत्रिक इंजीनियरिंग विभाग की कार्यप्रणाली प्रदर्शित की जाएगी। जीआरपी और आरपीएफ की जिम्मेदारियों के साथ बिना टिकट यात्रा करने तथा रेलवे नियमों का उल्लंघन करने पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी देकर यात्रियों को जागरूक किया जाएगा।
लोहे की पटरियों पर दौड़ते इतिहास को करीब से देखने का मौका
सोनपुर रेल मंडल के कर्मचारियों ने पुराने भाप इंजनों की विरासत को प्रदर्शनी के माध्यम से नया स्वरूप देने की तैयारी की है। सोनपुर रेल मंडल कार्यालय, हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय और पटना जंक्शन जैसे रेल परिसरों में मौजूद पुराने भाप इंजन भी इस गौरवशाली अतीत की याद दिलाते हैं। ऐसे में मेले के रेल ग्राम में तैयार की गई यह प्रदर्शनी रेलवे की ऐतिहासिक उपलब्धियों और तकनीकी विकास को आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
कुल मिलाकर, रेल ग्राम की यह प्रदर्शनी लोहे की पटरियों पर दौड़ते इतिहास को करीब से देखने का अवसर देगी। यहां एक ओर बीते जमाने के इंजन और रेल परिचालन की कठिनाइयां देखने को मिलेंगी तो दूसरी ओर आधुनिक तकनीक और तेज रफ्तार रेलवे की तस्वीर भी सामने आएगी। पेड़ पर लटका भाप इंजन इस पूरी विरासत यात्रा का प्रतीक बनेगा, जो दर्शकों को याद दिलाएगा कि आज की आधुनिक भारतीय रेल के पीछे संघर्ष, प्रयोग और विकास की एक लंबी कहानी छिपी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।