सोनपुर मेला ग्राउंड में दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन गिरफ्तार
सोनपुर मेला ग्राउंड के नखास में गुरुवार देर रात दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत फैल गई। पुलिस ...और पढ़ें

सोनपुर मेला ग्राउंड में दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन गिरफ्तार
HighLights
सोनपुर मेला ग्राउंड में देर रात दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी।
हरिहरनाथ पुलिस ने मौके से तीन युवकों को किया गिरफ्तार।
घटनास्थल से हथियार के खोखे, कारतूस और बाइक बरामद हुई।
संवाद सहयोगी, सोनपुर। सोनपुर मेला ग्राउंड के नखास में गुरुवार की देर रात दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी की सूचना मिलते ही हरिहरनाथ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर वहां मौजूद युवकों में भगदड़ मच गई।
पुलिस ने खदेड़कर तीन युवकों को पकड़ लिया। घटनास्थल से तीन खोखे, एक जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।
घटना के संबंध में हरिहरनाथ थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर करीब पांच-पांच युवकों के दो गुटों के बीच फायरिंग हो रही थी। आसपास कई बाइक भी खड़ी थीं।
पुलिस ने मौके से गौरव कुमार उर्फ धनू (26), आदर्श सिंह उर्फ प्रियांशु (18) और अभिषेक सिंह उर्फ प्रिंस (19) को पकड़ा।
पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बताया कि अभिषेक सिंह उर्फ सतीश सिंह अपने चार अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा था और उन लोगों पर फायरिंग करने लगा। इसके जवाब में उन्होंने भी अपने साथियों के साथ गोलीबारी की।
पुलिस के पहुंचने पर दूसरे गुट के लोग हथियार लेकर फरार हो गए। हालांकि, पकड़े गए युवकों ने फरार लोगों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। हथियारों के बारे में पूछताछ करने पर भी वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पुलिस ने घटनास्थल और पकड़े गए युवकों की तलाशी ली। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी काले रंग की बाइक, तीन खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद तीनों युवकों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों के अलावा अभिषेक सिंह उर्फ सतीश सिंह और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुटी है।
