विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MLC चुनाव से पहले वैशाली पुलिस का बड़ा एक्शन, कपड़े के गोदाम से 1814 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:40 PM (IST)

वैशाली पुलिस ने बिदुपुर में एक कपड़े के गोदाम से 1814 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है।

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)

HighLights

  1. बिदुपुर में कपड़े के गोदाम से शराब जब्त।

  2. वैशाली पुलिस ने 1814 लीटर अंग्रेजी शराब पकड़ी।

  3. मकान मालिक और किरायेदार दोनों मौके से फरार।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। शुक्रवार को होने वाले तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के मद्देनजर वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर वैशाली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष सत्यापन एवं छापेमारी अभियान के तहत बिदुपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने कपड़े के गोदाम से 210 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद किया है। हालांकि मकान मालिक और गोदाम संचालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

यह जानकारी सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि बिदुपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि बिदुपुर प्रखंड के चक बिहारी स्थित कलटू चौक में पन्नालाल राय के दो मंजिला पक्का मकान में किराए पर चल रहे एक बंद कपड़े के गोदाम में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब स्टॉक की गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम ने पन्नालाल राय, पिता- स्वर्गीय जीतू राय, ग्राम- सुल्तानपुर पचकठिया, थाना- बिदुपुर के घर पर छापेमारी की।

एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान किराए के मकान में कंबल से भरे बोरों के अंदर लपेटकर रखे गए 210 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

बरामद शराब में जामुन, ब्लू स्टॉक, पार्टी स्पेशल जैसे ब्रांड शामिल हैं, जिसकी कुल मात्रा 1814 लीटर बताई गई है। इसके अलावा मौके से करीब 50 बोरा कंबल भी बरामद हुआ है।

जांच में पता चला कि पन्नालाल राय ने अपना यह गोदाम राजापाकर थाना क्षेत्र के बखरी बरई निवासी पप्पू कुमार, पिता- गया राय को किराए पर दिया हुआ था। पप्पू कुमार ही कपड़े के गोदाम की आड़ में शराब का अवैध कारोबार कर रहा था।

मकान मालिक और किरायेदार फरार

छापामारी के दौरान मकान मालिक पन्नालाल राय और किरायेदार पप्पू कुमार दोनों घर से फरार मिले। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि बरामद शराब की खेप यहां कैसे लाई गई, इस धंधे में कौन-कौन संलिप्त है और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इसकी विस्तार से जानकारी जुटाई जा रही है।

बोरों पर कूरियर जैसा कोई ठप्पा नहीं मिला है, प्रारंभिक जांच में गाड़ी से परिवहन कर स्टॉक करने की बात सामने आ रही है। इस धंधे में शामिल सभी लोगों के विरुद्ध बिदुपुर थाना में प्राथमिकी कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- ब‍िहार के मंत्री को दिखाया जल्लाद, खुद को बकरा! AI फोटो वायरल होने पर BJP में भारी बवाल; सरपंच पर कार्रवाई की तैयारी