बिहार के मंत्री को दिखाया जल्लाद, खुद को बकरा! AI फोटो वायरल होने पर BJP में भारी बवाल; सरपंच पर कार्रवाई की तैयारी
भागलपुर के नवगछिया इलाके राघोपुर के सरपंच सह भाजपा के पूर्व प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रमोद मंडल ने बिहार के पथ निर्माण ...और पढ़ें

बिहार के मंत्री ई. शैलेंद्र का विवादित AI फोटो वायरल: नवगछिया भाजपा में सियासी बवाल, सरपंच प्रमोद मंडल पर होगी कार्रवाई
HighLights
मामला: इंटरनेट मीडिया पर एआई (AI) जेनरेटेड हिंसक व आपत्तिजनक तस्वीरों का प्रसार।
आरोपित नेता: प्रमोद मंडल (राघोपुर के वर्तमान सरपंच एवं नवगछिया भाजपा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष)।
निशाने पर: ई. कुमार शैलेंद्र (माननीय पथ निर्माण मंत्री, बिहार सरकार सह क्षेत्रीय विधायक, बिहपुर)।
संवाद सूत्र, बिहपुर (भागलपुर)। पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत भाजपा की आंतरिक राजनीति में उस वक्त जबर्दस्त भूचाल आ गया, जब पार्टी के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष सह वर्तमान में राघोपुर पंचायत के सरपंच प्रमोद मंडल ने इंटरनेट मीडिया पर राज्य के पथ निर्माण मंत्री व क्षेत्रीय विधायक ई. कुमार शैलेंद्र की एक बेहद आपत्तिजनक एआई (AI) जेनरेटेड तस्वीर प्रसारित कर दी।
इस विवादित पोस्ट में मंत्री को कथित तौर पर हिंसक रूप में दर्शाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की गई है। इस कृत्य के सामने आते ही गंगपार के राजनीतिक गलियारों में भारी आक्रोश फैल गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा संगठन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है और सरपंच के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है।
एआई फोटो में दिखाया गला रेतने का दृश्य, इस्तीफे की मांग
सोशल मीडिया पर वायरल की गई पहली एआई तस्वीर में मंत्री ई. शैलेंद्र को एक जल्लाद के रूप में दिखाया गया है, जबकि सरपंच ने स्वयं को बकरे (पाठे) की तरह प्रस्तुत करते हुए एक बड़े चाकू से अपना गला रेतते हुए दृश्य तैयार करवाया है। वहीं, दूसरी तस्वीर में मंत्री को हाथ में नंगी तलवार लिए सरपंच का सिर धड़ से अलग करने के आक्रामक एक्शन में दिखाया गया है।
तस्वीरों के साथ सरपंच प्रमोद मंडल ने बेहद तल्ख टिप्पणी लिखते हुए पोस्ट किया—'मंत्री जी आप इस्तीफा देंगे या पाठा की तरह मेरी बलि देंगे?' दूसरे फोटो के साथ उन्होंने लिखा—'मेरा सिर धड़ से अलग कर दो पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र, लेकिन इस्तीफा तो आपको देना ही होगा। पटना भाजपा कार्यालय में बहुत जल्द धरना-प्रदर्शन होगा।'
जिलाध्यक्ष बोले- चुनाव के लिए सहानुभूति बटोरने की ओछी नौटंकी
तस्वीरें सार्वजनिक होते ही भाजपा के स्थानीय संगठन में तीव्र प्रतिक्रिया देखने को मिली। भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने इस पूरे घटनाक्रम की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे राजनीतिक शिष्टाचार की सारी सीमाओं का उल्लंघन बताया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को ध्यान में रखकर जनता की झूठी सहानुभूति हासिल करने के लिए यह ओछी, घटिया हरकत और नौटंकी की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी संवैधानिक पद पर आसीन मंत्री और पार्टी के सम्मानित विधायक के विरुद्ध इस तरह का अशोभनीय व हिंसक डिजिटल दुष्प्रचार न केवल पार्टी अनुशासन के खिलाफ है, बल्कि सामाजिक मर्यादा के भी पूर्णतः विपरीत है। पार्टी नेतृत्व ने इस मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया है और सरपंच प्रमोद मंडल पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा नेताओं ने बताया नीचता की पराकाष्ठा, जताया रोष
इधर, बिहपुर और नवगछिया के भाजपा नेताओं ने भी एक सुर में सरपंच के इस आचरण को घटिया राजनीति करार दिया है। नेताओं ने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता और अराजकता फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के वर्तमान जिलाध्यक्ष डोमी मंडल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, जिला महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी और जिला मंत्री रूपेश रूप सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि विचारों का मतभेद अपनी जगह है, लेकिन तकनीक का दुरुपयोग कर किसी जनप्रतिनिधि की ऐसी घिनौनी और हिंसक छवि पेश करना नीचता की पराकाष्ठा है।
