सोनपुर मेले में दिखे मोर्टार, मशीनगन और बुलेटप्रूफ शील्ड; युवाओं में सेल्फी लेने की मची होड़
सोनपुर मेले में बिहार पुलिस की प्रदर्शनी, खासकर एसटीएफ का स्टॉल, आधुनिक हथियारों और उपकरणों से लोगों को आकर्षित कर रहा है, जो नशामुक्त बिहार का संदेश दे रहा है।
-1795778997443_m.webp)
प्रदर्शनी में स्टॉल पर हथियार के साथ जवान। (जागरण)
HighLights
एसटीएफ स्टॉल पर आधुनिक हथियारों और सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन।
प्रदर्शनी नशामुक्त बिहार का संदेश दे रही, पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत।
युवाओं में देश सेवा की भावना, पुलिस-जनता विश्वास मजबूत।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में लगी बिहार पुलिस की प्रदर्शनी नशामुक्त बिहार का संदेश देने के साथ लोगों को पुलिस की कार्यप्रणाली से भी रूबरू करा रही है।
प्रदर्शनी में विशेष कार्य बल (एसटीएफ), बिहार, पटना का स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां आधुनिक हथियारों और सुरक्षा उपकरणों को देखकर मेला घूमने आए लोग रोमांचित हो रहे हैं।
स्टॉल पर एसटीएफ के जवानों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले हल्की मशीनगन, राइफल, मोर्टार, बुलेटप्रूफ शील्ड, दूरबीन समेत कई अत्याधुनिक उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं।
प्रत्येक हथियार के सामने उसकी विशेषताओं और उपयोग से जुड़ी जानकारी भी दी गई है, ताकि आम लोग उसे आसानी से समझ सकें।
एसटीएफ के जवान खुद लोगों को इन हथियारों के उपयोग और सुरक्षा अभियानों में उनकी भूमिका के बारे में बता रहे हैं। प्रदर्शनी देखने पहुंचे युवाओं में एसटीएफ के हथियारों और जवानों के साहस को लेकर खासा उत्साह दिखा।
कई लोग जवानों के साथ तस्वीरें लेते नजर आए। लोगों ने बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली और कठिन परिस्थितियों में चलाए जाने वाले अभियानों को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है।
पुलिस की विभिन्न इकाइयों के भी लगे हैं स्टाल
प्रदर्शनी में एसटीएफ के अलावा साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, अग्निशमन सेवा, राजकीय रेल पुलिस और कमजोर वर्ग प्रभाग समेत बिहार पुलिस की अन्य इकाइयों के स्टॉल भी लगाए गए हैं।
इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सुरक्षा, जागरूकता और सहायता से जुड़ी जानकारियां दी जा रही हैं। मेले में आए लोगों का कहना है कि इस तरह की प्रदर्शनी से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है। साथ ही युवाओं में देश सेवा की भावना को भी बढ़ावा मिलता है।