नीतीश सेतु पोस्टर विवाद: आरोपितों के परिजनों से मिली RJD टीम, पुलिस कार्रवाई को बताया 'आपातकाल' जैसा
राजद की सात सदस्यीय जांच टीम ने हाजीपुर में नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने के मामले में गिरफ्तार लोगों के परिजनों से मुलाकात की।

राजद नेताओ ने परिजनों से की मुलाकात। (जागरण)
HighLights
राजद टीम ने नीतीश सेतु पोस्टर फाड़ मामले की जांच की।
गिरफ्तार आरोपितों के परिजनों से मिलकर जानकारी जुटाई गई।
राजद ने पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। नीतीश सेतु (बिदुपुर-कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल) का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद पुल पर लगे पोस्टर-बैनर फाड़ने के मामले में गिरफ्तार आरोपितों के स्वजन से शनिवार को राजद की सात सदस्यीय जांच टीम ने मुलाकात की।
नेताओं ने स्वजन से घटना और गिरफ्तारी के बाद की स्थिति की जानकारी ली। पार्टी ने मामले में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया है।
राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि इस घटना को लेकर पार्टी की छवि धूमिल करने का अभियान चलाया जा रहा है। उनका कहना था कि समाचारों में घटना प्रधानमंत्री के औपचारिक कार्यक्रम की समाप्ति के बाद की बताई गई है।
यदि ऐसा है तो विरोध और प्रतिकार करना नागरिकों का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार है। राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उन्हें यातनाएं दी गईं। उन्हें देश का दुश्मन समझकर जेल भेजने जैसी कार्रवाई की जा रही है।
'आपातकाल की याद आती है'
राजद नेताओं ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से आपातकाल की याद आती है और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
इस मामले में राघोपुर प्रखंड सह अंचल के प्रखंड विकास पदाधिकारी की ओर से रुस्तमपुर थाना कांड संख्या 46-26, दिनांक 21 नवंबर को प्राथमिकी कराई गई है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की ओर से गठित जांच टीम में विधायक डॉ. रामानंद यादव, सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, विधायक सह प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, विधायक सुरेंद्र राम, पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन, पूर्व विधायक अनिरुद्ध कुमार यादव और वैशाली के निवर्तमान जिलाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह चंद्रवंशी शामिल हैं। यह समिति एक सप्ताह के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट पार्टी के राज्य मुख्यालय को सौंपेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।