विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सोनपुर को सिंगापुर और सारण को नोएडा से बेहतर बनाएंगे', मेला उद्घाटन पर बोले सांसद राजीव प्रताप रूडी

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:51 AM (IST)

सोनपुर मेले के उद्घाटन पर सांसद राजीव प्रताप रुडी ने सारण को सिंगापुर और नोएडा से बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा, जिसमें 8000 करोड़ की परियोजनाएं शामिल हैं। 

सोनपुर मेला के उद्घाटन के मौके पर सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी। (सोशल मीडिया)

सोनपुर मेला के उद्घाटन के मौके पर सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी। (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. राजीव प्रताप रुडी ने सारण के विकास का खाका खींचा।

  2. सोनपुर मेले की वेबसाइट और ऐप का हुआ डिजिटल लोकार्पण।

  3. सारण में 8000 करोड़ की विकास परियोजनाएं चल रही हैं।

शंकर सिंह, सोनपुर। हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला के उद्घाटन के मौके पर सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी ने अपने संबोधन में सोनपुर और सारण के भविष्य की तस्वीर पेश करते हुए कहा कि यदि लोग सोनपुर में सिंगापुर जैसा विकास देखना चाहते हैं तो सभी को मिलकर इस संकल्प को पूरा करना होगा।

उन्होंने कहा कि सारण को अमरावती, नोएडा और गाजियाबाद से भी बेहतर बनाने का लक्ष्य है। शेरपुर, दिघवारा और सोनपुर में करीब आठ हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम हो रहा है। बाकरपुर से साहेबगंज तक सड़क संपर्क विकसित किया जा रहा है।

रुडी ने कहा कि दिघवारा से बिदुपुर तक निर्माण कार्य जारी है, रेवाघाट की दिशा में चार पुलों के निर्माण की योजना है। रुडी ने कहा कि सोनपुर और भागलपुर में बड़े हवाई अड्डे विकसित करने की परिकल्पना है।

आने वाले समय में बिहार में 100 मंजिला इमारतें भी देखने को मिलेंगी। उन्होंने बाढ़ के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलाए गए राहत अभियान की भी सराहना की और कहा कि जनता ने जो विश्वास जनप्रतिनिधियों पर जताया है, उसे विकास कार्यों के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

डिजिटल प्लेटफार्म पर भी आएगा सोनपुर मेला

सोनपुर मेला के उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सांसद रुडी की मौजूदगी में रिमोट के माध्यम से सोनपुर मेले की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप का लोकार्पण किया।

इससे मेले से जुड़ी जानकारियां, कार्यक्रमों का विवरण और अन्य सुविधाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होंगी। इस पहल से देश-विदेश के पर्यटकों को मेले की जानकारी प्राप्त करने में सहूलियत होगी।

दिग्गज नेताओं और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, अमनौर विधायक कृष्ण कुमार सिंह मौजूद रहे।

वहीं, विधान परिषद सदस्य इंजीनियर सच्चिदानंद राय एवं प्रो. डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव उपस्थित रहे। इसके अलावा आयुक्त मनीष कुमार, पर्यटन विभाग के निदेशक, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत तथा मुख्यमंत्री के सचिव योगेश कुमार सिंह सहित कई वरीय प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेला हुआ डिजिटल: अब मोबाइल पर मिलेगी हर अपडेट, CM सम्राट ने लॉन्च की वेबसाइट और एप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।