20 हजार कट्ठा वाली जमीन अब 7 लाख के पार: 5000 करोड़ के सिक्सलेन सेतु से बदलेगी राघोपुर की तकदीर
दशकों से उपेक्षित राघोपुर दियारा को अब सिक्सलेन नीतीश सेतु मिल गया है, जिसका उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। ।

कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच बना सिक्सलेन पुल। (जागरण)
HighLights
पीएम मोदी 21 नवंबर को नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे।
सिक्सलेन पुल से राघोपुर में विकास की गति तेज होगी।
पुल बनने से जमीन की कीमतों में भारी उछाल आया।
रवि शंकर शुक्ला, हाजीपुर। दशकों से उपेक्षित वैशाली जिले का राघोपुर दियारा। 50 वर्ष नाव, 29 वर्ष पीपा पुल एवं नाव। चारों ओर से गंगा से घिरे राघोपुर के लोगों की दर्दभरी दास्तान काफी लंबी है।
देश की आजादी के बाद 73 वर्ष के सफर में 50 वर्ष 1947 से 1997 तक यहां के लोगों के यातायात का मुख्य साधन नाव ही था। वर्ष 1997 में यहां पहली बार पीपा पुल का निर्माण कराया गया।
हालांकि, पीपा पुल बनने के बाद भी यहां के लोगों को समस्या से स्थाई तौर पर मुक्ति नहीं मिली। छह माह ही पीपापुल का सहारा मिल पाता था।
शेष छह माह लोग नाव से ही होकर आते-जाते थे। वहीं, 2015 में राघोपुर में दो और बिदुपुर साइड से एक समेत तीन पीपा पुल दिए। अब 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक पुल का उद्घाटन करेंगे।
68 वर्षों तक पक्का पुल के लिए संघर्ष करते रहे राघोपुर के लोग
राघोपुर के लोग आजादी के बाद करीब 68 वर्षों तक राघोपुर में पक्का पुल के लिए संघर्ष करते रहे। पुल के निर्माण की मंजूरी नहीं मिली।
बिहार में एनडीए की सरकार सरकार बनने के बाद पक्का पुल के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। वर्ष 2012 में यहां पुल बनाने को डीपीआर बनाया गया। करीब 3500 करोड़ की लागत से पुल बनाने की मंजूरी दी गई।
वर्ष 2015 में इस पुल का कार्यारंभ किया गया। बाद में इस पुल की लागत करीब 5000 करोड़ रुपये हो गई। अब यह पुल बनकर तैयार हो चुका है और 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे।
सिक्सलेन सेतु से राघोपुर के विकास की रफ्तार होगी तेज
आजादी के बाद दशकों तक उपेक्षित रहने वाले राघोपुर की तकदीर अब सिक्सलेन पुल बनने के बाद तेजी से बदलने वाली है।
इस सिक्सलेन पुल से होकर तरक्की दौड़ेगी जिससे देश के विभिन्न हिस्सों से राघोपुर जुड़ जाएगा। जब यहां बेहतर कनेक्टिविटी होगी तो स्वभाविक तौर पर इसका लाभ राघोपुर को मिलेगा।
जमीनी हकीकत यही है कि पुल बनने के पहले एक दौर वह भी था, जब राघोपुर दियारे में रात के अंधेरे की तो बात छोड़िए दिन के उजाले में भी लोग जाने से कतराते थे। इलाका दशकों तक विकास से महरूम रहा।
इसका सबसे बड़ा कारण यह था कि अधिकारी राघोपुर में जाते ही नहीं थे। पीपा पुल बनने के बाद कुछ बदलाव देखरने को मिला, हालांकि छह माह ही सुगम यातायात के साधन उपलब्ध हो पाते थे।
अब सिक्सलेन पुल बनने के बाद इस बड़ी समस्या से भी लोगों को मुक्ति मिल रही है। कोई बड़ा हादसा होने के बाद जिले से अधिकारी तत्क्षण वहां पहुंच जा रहे हैं।
पटना के लोग राघोपुर में खरीद रहे जमीन
सिक्सलेन पुल बनने से पहले यहां के लोग पटना और हाजीपुर में बसते थे और अब स्थिति यह है उधर के लोग यहां पर जमीन खरीद रहे हैं।
राघोपुर के जमालपुर, हेतमपुर, रुस्तमपुर सहित आसपास के क्षेत्र के जमीन का रेट 20000 से 50000 रुपये कट्ठा का था। पुल निर्माण के बाद पांच से सात लाख रुपये कट्टा जमीन रेट है। वहीं राघोपुर प्रखंड के विभिन्न गांव में जमीन का रेट 04 से 05 गुना बढ़ गया है।
वहीं प्रखंड के विभिन्न पंचायत में बाजार एवं मार्केट में जमीन का रेट पहले करीब 05 लाख रुपए कट्ठा बिक रहा था अभी फिलहाल पांच से 07 लाख रुपए कट्ठा बिक रहा है।
पुल निर्माण के बाद पुल के आसपास समेत प्रखंड के अलग-अलग पंचायत के मार्केट और बाजार का जमीन का रेट में तेजी से वृद्धि हुआ है। वैशाली जिले के अलावा पटना जिले के कई लोग सिक्सलेन पुल के पास जमीन खरीदे हैं और अब भी खरीद रहे हैं।
क्या कहते हैं राघोपुर के लोग
समाजसेवी शांति यादव ने कहा कि राघोपुर में सिक्सलेन सेतु बनने के बाद जमीन की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है। रोजगार का नया दौर प्रारंभ होगा। अब यहां नए-नए संस्थान खुलेंगे।
मान्यता प्राप्त स्कूल-कॉलेज खुलेंगे। व्यापार बढ़ेगा और राघोपुर प्रखंड के लोगों को काफी फायदा होगा। अब राघोपुर का विकास काफी तेजी से होगा।
वहीं, राघोपुर के गौतम सिंह ने कहा कि नवनिर्मित नीतीश सेतु राघोपुर के भाग्योदय का कारण बनेगा। इस सेतु से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार को एक मजबूत कनेक्टिविटी मिलेगी।
बिहार के विभिन्न जिलों को राज्य की राजधानी से जुड़ाव का एक त्वरित साधन मिला है। यह सिक्सलेन सेतु राघोपुर के विकास के मील का पत्थर साबित होगा।
यह भी पढ़ें- आजादी के बाद पहली बार पटना से सीधे जुड़ेगा राघोपुर दियारा, 21 नवंबर से शुरू होगा नीतीश सेतु पर सफर
सिक्सलेन सेतु से राघोपुर को फायदा होगा। अब नाव के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। आना-जाना आसान होगा। व्यापारी सीधे पटना दूध पहुंचा सकेंगे, समय और पैसा दोनों बचेगा। रेफर मरीज बिना रुकावट सीधे पटना हास्पिटल जा सकेंगे, जान बचाने में देर नहीं होगी। किसान अपनी सब्जी लेकर सीधे गद्दी में बेच सकेंगे।
राम जीवन पासवान, राघोपुर
राघोपुर में सिक्सलेन पुल का निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए एक ऐतिहासिक और सराहनीय कदम है। इससे राघोपुर सहित आस-पास के लाखों लोगों को पटना, हाजीपुर और अन्य क्षेत्रों से सीधा एवं सुगम संपर्क मिला है। अब आवागमन में समय की बचत तथा क्षेत्र में आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
रवि यादव, समाजसेवी राघोपुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।