वैशाली में दुर्गा पूजा के दौरान DJ बजाने पर बैन, सूरज डूबने से पहले करना होगा प्रतिमा विसर्जन
लालगंज में दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक हुई।

शांति समिति की बैठक। फोटो जागरण
HighLights
दुर्गा पूजा में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रतिमा विसर्जन सूर्यास्त से पहले करना अनिवार्य होगा।
पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना आवश्यक है।
संवाद सूत्र, लालगंज। दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शनिवार को लालगंज थाना परिसर में पुलिस अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता हाजीपुर एसडीएम आनंद कुमार, एसडीपीओ-02 गोपाल मंडल, अंचलाधिकारी विश्वजीत सिंह और लालगंज थानाध्यक्ष सुभाष प्रसाद ने संयुक्त रूप से की।
अधिकारियों ने पूजा समितियों को सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अग्निशमन व्यवस्था से संबंधित निर्देश देते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
अधिकारियों ने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और आग से बचाव के लिए पानी से भरे ड्रम तथा बालू की बड़ी बाल्टियां रखने का निर्देश दिया। पूजा के दौरान स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा गया।
महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग दीर्घा बनाने और प्रसाद वितरण काउंटर को निकास द्वार से अलग रखने पर भी जोर दिया गया। पूजा आयोजन और जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।
पूजा और जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। लाउडस्पीकर और माइक के इस्तेमाल के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। अश्लील गाने बजाने, नशे की हालत में हुड़दंग करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
अधिकारियों ने प्रतिमा विसर्जन सूर्यास्त से पहले पूरा करने और इसके लिए हाइड्रा मशीन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
सप्तमी से विसर्जन तक यातायात व्यवस्था लागू करने और मार्ग निर्धारित करने पर चर्चा हुई। मेले में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएंगे और निर्धारित स्टैंडों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
सड़क के गड्ढे भरने और गश्त बढ़ाने का निर्देश
लालगंज नगर परिषद क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों को पूजा शुरू होने से पहले दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाने का निर्देश संबंधित विभाग और नगर परिषद को दिया गया।
दुर्गा पूजा के दौरान राजनीतिक प्रचार-प्रसार नहीं करने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों और आयोजकों से सभी निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने की अपील की गई।
बैठक में बिजली विभाग के जेई, नगर परिषद की स्वच्छता पदाधिकारी सृष्टि रानी, जेई ध्रुव पटेल, वैशाली थानाध्यक्ष राज कुमार, सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार, करतहां थानाध्यक्ष आदित्य कुमार और बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, मुखिया रामप्रवेश सहनी, सुधांशु कुमार, लालू राय, अजय ठाकुर, उमेश सिंह, सुभाष बर्नवाल, मनोज यादव, बीस सूत्री अध्यक्ष नवीन कुमार गुप्ता और दिलीप सिंह समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी शामिल हुए।
