बेटा न होने का ताना और फिर मर्डर: हाजीपुर में पति ने पत्नी को सिर में गोली, बेटी के बयान से खुला राज
हाजीपुर में दीपावली की रात पति-पत्नी के विवाद में पति राकेश कुमार ने अपनी 48 वर्षीय पत्नी नीलू सिंह की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी।
-1794202159607_m.webp)
जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)
HighLights
हाजीपुर में पति ने पत्नी को गोली मारकर हत्या की।
पुत्र न होने के विवाद में हुई यह दर्दनाक घटना।
लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारी, आरोपी पति फरार।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत राजपूत नगर रोड नंबर-2 में दीपावली की रात खुशी मातम में बदल गई।
पति-पत्नी के विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान राकेश कुमार की 48 वर्षीय पत्नी नीलू सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला को एक पुत्री थी, पुत्र नहीं होने के कारण पति और पत्नी के बीच हमेशा विवाद होता था।
इसी विवाद के कारण रविवार की रात्रि राकेश कुमार ने अपनी पत्नी नीलू कुमारी को सिर में एक गोली मार दी। गोली सिर को पार कर गई, जिससे घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद आरोपी पति समेत घर के सभी लोग फरार हो गए।
-1794202421793.webp)
बताया जा रहा है कि राकेश कुमार का पुश्तैनी घर महनार थाना क्षेत्र के महिनदवारा गांव में है। वहीं बलि गांव थाना क्षेत्र के अग्रैल निवासी चंद्रशेखर सिंह ने अपनी पुत्री नीलू सिंह की शादी करीब 20 साल पहले राकेश कुमार के साथ कराई थी।
घटना की सूचना पर महिला के मायके वाले सदर अस्पताल पहुंचे। वहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। स्वजन ने स्थानीय थाना पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसडीपीओ ने बताया लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली
मामले में एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपी का नाम राकेश सिंह है। राकेश सिंह ने अपनी पत्नी को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतका बलि गांव थाना क्षेत्र के रहने वाले चंद्रशेखर प्रसाद सिंह की पुत्री है। उन्होंने कहा कि मृतका की पुत्री ने ही सारा घटनाक्रम बताया है कि कैसे उसके पिता ने आवेश में आकर इस घटना को अंजाम दिया।
पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद काफी दिनों से चल रहा था। इसी विवाद को लेकर रविवार की रात्रि यह घटना हुई। एसडीपीओ ने बताया कि महिला को एक ही गोली लगी है।
शव का पोस्टमार्टम कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़ें- रोहतास में वारदात: कुराईच-महद्दीगंज में युवक की मौत, आपसी रंजिश में मारपीट की आशंका