विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

155 साल पहले सोनपुर मेले का वो दुर्लभ 'महामिलन', जब आमने-सामने आए ब्रिटिश वायसराय और नेपाल के पीएम

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:55 PM (IST)

1871 का सोनपुर मेला ब्रिटिश वायसराय लॉर्ड मेयो और नेपाली प्रधानमंत्री सर जंगबहादुर के ऐतिहासिक मिलन का गवाह बना, जो सिर्फ धार्मिक आयोजन न होकर कूटनीतिक संगम भी था।

सोनपुर मेला 1871: जब ब्रिटिश वायसराय और नेपाली प्रधानमंत्री का हुआ भव्य मिलन (AI Generated Image)

सोनपुर मेला 1871: जब ब्रिटिश वायसराय और नेपाली प्रधानमंत्री का हुआ भव्य मिलन (AI Generated Image)

HighLights

  1. 1871 सोनपुर मेला ऐतिहासिक महामिलन का गवाह बना।

  2. लॉर्ड मेयो और जंगबहादुर की भेंट मुख्य आकर्षण थी।

  3. शांतिपूर्ण आयोजन में घुड़दौड़, तोप प्रदर्शन भी हुए।

अवध किशोर शर्मा, हाजीपुर। हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले के इतिहास में वर्ष 1871 का आयोजन एक दुर्लभ महामिलन के रूप में दर्ज है। इस मेले को 155 वर्ष पूरे हो गए हैं। उस वर्ष मेला केवल धार्मिक स्नान और पशु-व्यापार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ब्रिटिश सत्ता, नेपाली दरबार और बिहार के नील प्लांटरों के संगम का मंच भी बना।

भारत के वायसराय लॉर्ड मेयो और नेपाल के प्रधानमंत्री सर जंगबहादुर की ऐतिहासिक भेंट इसी आयोजन का प्रमुख आकर्षण थी। इस मुलाकात का प्रत्यक्षदर्शी विवरण नील प्लांटर एवं लेखक मिंडेन जे. विल्सन की रचनाओं और हैरी ई. एबॉट की पुस्तक ‘सोनपुर की स्मृतियां’ (1896) में सुरक्षित है।

सर जंगबहादुर करीब तीन सौ गोरखा अंगरक्षकों, हरम की महिलाओं और विशाल दल के साथ पूरे ठाठ-बाट से सोनपुर पहुंचे थे। मोती और सोने के आभूषणों से सजे उनके काफिले ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा।

गंडक तट पर स्वागत के बाद उन्हें आम के बागान के समीप बने शिविर में ठहराया गया। वहां तोपों की सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका अभिनंदन किया गया।

रेसकोर्स और ग्रैंड स्टैंड में भारी भीड़ उमड़ी थी। कद-काठी में भिन्न दिखने के बावजूद लार्ड मेयो की सौम्यता और जंगबहादुर की तीक्ष्ण व साहसी छवि लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। दोनों पक्षों की घुड़दौड़ में गहरी रुचि थी।

विभिन्न स्पर्धाओं में घोड़ों और घुड़सवारों के रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को बांधे रखा। विल्सन के प्रत्यक्ष विवरण के अनुसार, अगले दिन हुई मुलाकात के दौरान जंगबहादुर ने अपने रत्नों की तुलना वायसराय के आभूषणों से की। उन्होंने अच्छी हिंदुस्तानी में सहजता से संवाद भी किया।

शुक्रवार को आयोजित दरबार में औपचारिक शिष्टाचार के साथ पान और इत्र वितरण तथा सम्मान के दृश्य देखने को मिले। इसके बाद दानापुर की आर्टिलरी ने ब्रीच-लोडिंग आर्मस्ट्रांग तोपों का अभ्यास प्रदर्शित किया, जिसकी जंगबहादुर ने सराहना की।

बड़ी भीड़ और गोरखा दल की मौजूदगी के बावजूद प्रशासनिक व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा के कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण रहा। 155 वर्ष बाद भी विल्सन की कलम से दर्ज यह विवरण 1871 के सोनपुर मेले की कूटनीतिक और सांस्कृतिक भव्यता को जीवंत करता है।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सम्राट पशु मेला तक सीमित नहीं रहेगा सोनपुर मेला, CM सम्राट चौधरी ने उद्घाटन समारोह में किए बड़े एलान 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।