विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाजीपुर शहर के 8 वार्डों में घुसा बाढ़ का पानी, हाईवे पर पहुंचे प्रभावित लोग

Published: Thu, 03 Sep 2026 06:50 PM (IST)

गंगा और गंडक के बढ़ते जलस्तर से हाजीपुर के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है, जिससे ...और पढ़ें

हाजीपुर शहर के आठ वार्डों में घुसा बाढ़ का पानी, हाईवे पर पहुंचे प्रभावित लोग

हाजीपुर शहर के आठ वार्डों में घुसा बाढ़ का पानी, हाईवे पर पहुंचे प्रभावित लोग

HighLights

  1. गंगा-गंडक के जलस्तर बढ़ने से हाजीपुर में बाढ़।

  2. आठ वार्ड प्रभावित, लोग हाईवे पर ले रहे शरण।

  3. सभापति ने राहत कार्यों के दिए आवश्यक निर्देश।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। गंगा और गंडक के लगातार बढ़ते जलस्तर से हाजीपुर नगर परिषद क्षेत्र के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति विकराल हो गई है। खेत-खलिहान के साथ लोगों के घरों में भी पानी प्रवेश करने लगा है। सड़कों पर पानी चढ़ने से आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है।

कई वार्डों में बाढ़ का पानी फैल गया है। वार्ड संख्या 16, 17 और 43 सबसे अधिक प्रभावित हैं, जबकि 35, 37, 38, 44 और 45 में भी आंशिक रूप से पानी पहुंचा है।

गुरुवार को नगर परिषद हाजीपुर की सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने बाढ़ प्रभावित वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभापति ने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सभापति ने बताया कि वार्ड संख्या 16, 17, 35, 37, 38, 43, 44 और 45 में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया गया है। वार्ड संख्या 43 के बाढ़ प्रभावित लोग हाईवे किनारे शरण लिए हुए हैं। उनके लिए भोजन, टेंट और शामियाने के साथ मवेशियों के चारे की व्यवस्था की जा रही है।

इस संबंध में अंचलाधिकारी से लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शाम से प्रभावित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी और सामुदायिक रसोई भी संचालित की जाएगी।

बताया गया कि रामचौरा मंदिर परिसर में भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान और जरूरी सुविधाएं मिल सकें। अतिरिक्त नाव की व्यवस्था भी की जा रही है। सभापति ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने बाढ़ के पानी में जाने से बचने, बच्चों को पानी से दूर रखने तथा स्वयं, बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित व सूखे स्थान पर रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के जेईई कृष्णा प्रसाद समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- बिहार में गंगा का रौद्र रूप: वैशाली की 20 पंचायतों का संपर्क टूटा, सड़कों पर चल रही नावें; बिजली सप्लाई भी ठप