वैशाली DM वर्षा सिंह ने महादलित बस्ती में मनाई दीपावली, बच्चों संग पटाखे और दीप जलाकर बांटी त्योहार की खुशियां
हाजीपुर की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने दीपावली के अवसर पर हेला बाजार महादलित टोले में बच्चों और परिवारों के साथ खुशियां बांटीं।

डीएम ने दलित बच्चों संग मनाई खुशियां। फोटो जागरण
HighLights
डीएम वर्षा सिंह ने हाजीपुर के महादलित टोले में दीपावली मनाई।
बच्चों संग मिठाइयां बांटी, दीप जलाए, खुशियां साझा कीं।
शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक समावेशन का संदेश दिया।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। दीपावली के पावन अवसर पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने हाजीपुर स्थित हेला बाजार महादलित टोले में पहुंचकर महादलित परिवारों एवं बच्चों के साथ दीपावली का पर्व मनाया।
जिलाधिकारी ने स्वयं बच्चों एवं परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच मिठाइयां वितरित कीं, उनके साथ दीप प्रज्ज्वलित किए तथा पटाखे जला कर दीपावली का उत्सव मनाया।
जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर बच्चों एवं महादलित परिवारों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया, उनकी खुशियों में सहभागी बनीं तथा उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
उनकी इस पहल ने प्रशासन और आमजन के बीच आत्मीयता, विश्वास एवं संवेदनशीलता का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि "दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि एक-दूसरे के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाने का अवसर है।
त्योहार की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग और विशेषकर वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों को भी इसमें समान रूप से भागीदारी का अवसर मिले। हमें अपनी खुशियों में उन लोगों को भी शामिल करना चाहिए, जिन्हें हमारी थोड़ी-सी आत्मीयता और सहयोग से बड़ी प्रसन्नता मिल सकती है।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों के अवसर पर अपने आसपास के जरूरतमंद परिवारों एवं बच्चों के साथ खुशियां साझा करें। समाज में प्रेम, भाईचारे, समानता और सहयोग की भावना को मजबूत बनाएं।
उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना और किसी बच्चे की खुशी का कारण बनना ही त्योहार की सबसे बड़ी सार्थकता है।
जिलाधिकारी ने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि सभी बच्चे नियमित रूप से विद्यालय जाएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करें। शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत आधार है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर मिलना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब विकास की रोशनी अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।प्रशासन की प्राथमिकता जनकल्याण, सामाजिक समावेशन और प्रत्येक वर्ग को सम्मान एवं अवसर उपलब्ध कराना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।