छठ के बाद 10 दिनों में 103.79 लाख यात्रियों ने किया सफर, पूर्व मध्य रेल को हुई 238.46 करोड़ की रिकॉर्ड कमाई
छठ महापर्व के बाद पूर्व मध्य रेल ने 10 दिनों में 103.79 लाख यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया, जिससे ₹238.46 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ।

एआई के द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
छठ के बाद 10 दिनों में 103.79 लाख यात्रियों ने यात्रा की।
पूर्व मध्य रेल को 238.46 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व मिला।
यात्री संख्या और राजस्व में पिछले साल से उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। छठ महापर्व के उपरांत यात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए पूर्व मध्य रेल की ओर से नियमित और स्पेशल ट्रेनों का प्रभावी संचालन करते हुए 16 से 26 नवंबर, 2026 के बीच 10 दिनों में 103 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
इस दौरान यात्रियों की सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने तथा उन्हें व्यवस्थित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने हेतु कई कदम उठाए गए थे। इससे रेलवे को 10 दिनों में कुल 238.46 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व प्राप्त हुआ है।
पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया है कि छठ महापर्व के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों की वापसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल द्वारा यात्री मांग के अनुरूप नियमित ट्रेनों के अलावा काफी संख्या में स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया।
इस अवधि में कुल 103.79 लाख यात्रियों ने पूर्व मध्य रेल की यात्री सेवाओं का लाभ उठाया। जबकि पिछले वर्ष 2025 में छठ के उपरांत 10 दिनों में 98.13 लाख यात्रियों ने पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार से यात्रा की थी। इस प्रकार यात्रियों की संख्या में 5.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
यात्री राजस्व में 9.96 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज
छठ उपरांत 10 दिनों में यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या के साथ इस अवधि में पूर्व मध्य रेल के यात्री राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। छठ के उपरांत 16 से 26 नवंबर तक कुल 238.46 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि पिछले वर्ष 2025 में छठ के उपरांत 10 दिनों में प्राप्त राजस्व 216.87 करोड़ रुपये था।
इस प्रकार यात्री राजस्व में भी 9.96 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके साथ ही वर्ष 2026 में प्रति यात्री औसत राजस्व 229.74 रुपये रहा, जो वर्ष 2025 के 221.01 रुपये की तुलना में 3.95 प्रतिशत अधिक रहा।
गैर-आरक्षित एवं आरक्षित दोनों श्रेणियों में वृद्धि दर्ज
गैर-आरक्षित यात्री सेवाओं के अंतर्गत जहां इस वर्ष 2026 में 69.24 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, वहीं पिछले वर्ष 2025 में यह 55.74 करोड़ रुपये था। इस प्रकार गैर-आरक्षित राजस्व में 24.21 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
इस श्रेणी में यात्रियों की संख्या भी 79.78 लाख से बढ़कर 84.29 लाख हो गई, जो 5.65 प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार, आरक्षित यात्री सेवाओं के अंतर्गत वर्ष 2026 में जहां 169.21 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि वर्ष 2025 में यह 161.12 करोड़ रुपये था।
इस प्रकार आरक्षित राजस्व में भी 5.02 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। आरक्षित श्रेणी में यात्रियों की संख्या 18.35 लाख से बढ़कर 19.51 लाख दर्ज की गई, जो पिछले साल की तुलना में 6.33 प्रतिशत अधिक है।
यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम गंतव्य तक पहुंचाना रही सर्वोच्च प्राथमिकता
छठ महापर्व के उपरांत यात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए पूर्व मध्य रेल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को समुचित रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सुरक्षित एवं सुगमतापूर्वक उनके गंतव्य तक पहुंचाना रहा।
नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध हुए तथा भीड़ के सुचारू प्रबंधन में भी सहायता मिली।
बताया गया कि पूर्व मध्य रेल की ओर से यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप सेवाओं की निरंतर निगरानी की गई तथा यात्री सुविधा, सुरक्षित आवागमन और सुगम यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
यह भी पढ़ें- कोहरे को लेकर 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक कई ट्रेनें रद, सोनपुर-छपरा रूट के यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।