विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोहरे को लेकर 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक कई ट्रेनें रद, सोनपुर-छपरा रूट के यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:07 PM (IST)

सर्दियों में कोहरे के कारण सोनपुर और छपरा रूट पर चलने वाली कई ट्रेनें 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक प्रभावित रहेंगी। 

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. सोनपुर-छपरा रूट पर ट्रेनें कोहरे से प्रभावित रहेंगी।

  2. कई ट्रेनें रद, कुछ के फेरों में कटौती की गई।

  3. यात्री यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांच लें।

संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। सर्दियों में कोहरे के कारण सोनपुर और छपरा होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

पूर्व मध्य रेलवे ने एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद करने और कई के फेरों में कटौती करने का निर्णय लिया है।

इससे दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

रेलवे के निर्णय के अनुसार, बरौनी-अंबाला हरिहर एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की सेवाएं रद रहेंगी। बरौनी-अंबाला ट्रेन तीन दिसंबर से एक मार्च तक और अंबाला-बरौनी ट्रेन एक दिसंबर से 27 फरवरी तक नहीं चलेगी।

इसी तरह पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस तीन दिसंबर से दो मार्च तक तथा अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस एक दिसंबर से 28 फरवरी तक रद रहेगी।

कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के फेरे भी घटे

ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के परिचालन के दिनों में कटौती की गई है। यह ट्रेन सोमवार और गुरुवार को नहीं चलेगी, जबकि बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस मंगलवार और शुक्रवार को रद रहेगी।

इसके अलावा पाटलिपुत्र-लखनऊ, पाटलिपुत्र-गोरखपुर, न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार, अवध-असम और बाघ एक्सप्रेस के फेरों में भी कमी की गई है।

यात्रा से पहले जांच लें परिचालन की स्थिति

कोहरे के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन के उद्देश्य से रेलवे ने यह व्यवस्था की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि सोनपुर, नयागांव, दिघवारा और छपरा स्टेशन से यात्रा करने से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख और परिचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

यह भी पढ़ें- सरयू-कमला एक्सप्रेस में बुकिंग शुरू, 3AC इकोनॉमी 875 तो स्लीपर का किराया मात्र 360 रुपये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।