विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली आ रहे PM मोदी, चिराग पासवान के गढ़ को मिलेगी फूड क्लस्टर और रोजगार की सौगात!

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:22 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को राजापाकर दौरे की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसका निरीक्षण केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने किया।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। पीटीआई फाइल फोटो

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। पीटीआई फाइल फोटो

संवाद सूत्र, राजापाकर। 21 नवंबर को वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और हाजीपुर सांसद चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया।

उन्होंने वैशाली डीएम वर्षा सिंह, एसएसपी शुभांक मिश्रा और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें मंच निर्माण, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा हुई।

पासवान ने तय समय में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने, सुरक्षा चाक-चौबंद रखने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में चिराग ने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम हाजीपुर संसदीय क्षेत्र में होना उनके वादों के पूरा होने का संकेत है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे डबल इंजन सरकार में पूरे किए जा रहे हैं और इसकी शुरुआत उनके संसदीय क्षेत्र से हो रही है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य विकसित बिहार से ही हासिल हो सकता है। उनकी पार्टी लोजपा (रा) बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट की सोच के साथ काम कर रही है। बेहतर कनेक्टिविटी, बिजली और पानी की व्यवस्था से औद्योगिकीकरण को बढ़ावा मिला है और कंपनियों के लिए ईज ऑफ बिजनेस का माहौल बना है।

चिराग ने कहा कि राजापाकर में इलेक्ट्रॉनिक सिटी और फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर को बढ़ावा देने की योजना है। मंत्रालय की प्रमुख परियोजनाओं में शामिल राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त निफ्टेम के अभी भारत में दो संस्थान हैं—कुंडली, हरियाणा और तंजावुर, तमिलनाडु में। तीसरे निफ्टेम की घोषणा पिछले बजट में हुई थी।

उन्होंने कहा कि यहां फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर स्थापित किया जा रहा है और कई बड़ी कंपनियों एवं ब्रांड्स के साथ एमओयू हुए हैं। उनके अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक सिटी से क्षेत्र की प्रति व्यक्ति आय, अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री के हाथों होने वाले शिलान्यास और उद्घाटन बिहार के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। चिराग ने कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान को यह गर्व होता कि उनके प्रयास आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर सेतु के नामकरण का स्वागत करते हुए बिहार के विकास में उनके दो दशक के नेतृत्व को महत्वपूर्ण बताया। चिराग ने वैशाली की धरती पर प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक अभिनंदन के लिए लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।

कार्यक्रम में बिहार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, एमएलसी असरफ अंसारी, लोजपा रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, अवधेश कुमार सिंह, राजकुमार पासवान, हरिहर पासवान, सुरेंद्र ठाकुर, संतोष शर्मा, अविनाश शर्मा, गुलाम साबिर, शंकर पासवान, श्रीकांत पासवान, मुकेश साह, संजय चौधरी, अजित चंद्रवंशी, मुकेश पटेल, कबीर पासवान, राकेश पासवान, पंकज झा और सुजीत पासवान सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- बिहार के गंगा पुलों से रहा प्रधानमंत्रियों का खास नाता, अब 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन कर नया रिकॉर्ड बनाएंगे PM मोदी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।