विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार की बहादुर बेटी चांदनी को मिला वीरता पुरस्कार, वैशाली में नाव पलटने के बाद जान दांव पर लगा बचाए थे 2 बच्चे

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:57 PM (IST)

राघोपुर की चांदनी कुमारी को पटना में बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने वैशाली में नाव हादसे के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर दो बच्चों को बचाया था, जिससे गांव में खुशी का माहौल है।

चांदनी को मिला वीरता पुरस्कार (सौ. जागरण)

चांदनी को मिला वीरता पुरस्कार (सौ. जागरण)

HighLights

  1. चांदनी कुमारी को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

  2. उन्होंने नाव हादसे में दो मासूम बच्चों की जान बचाई।

  3. यह सम्मान पूरे गांव और राघोपुर क्षेत्र के लिए गर्व है।

संवाद सूत्र, राघोपुर। राघोपुर प्रखंड की रामपुर श्यामचंद पंचायत में नाव हादसे के दौरान दो मासूम बच्चों की जान बचाने वाली चांदनी कुमारी को शुक्रवार को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

पटना में आयोजित समारोह में बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से उन्हें पुरस्कार, प्रमाणपत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। चांदनी के साहस की खबर से गांव में खुशी का माहौल है। स्थानीय शिक्षक सुनील कुमार ने इसकी जानकारी दी।

दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

गौरतलब है कि 13 अक्टूबर की रात रामपुर श्यामचंद पंचायत में नाव हादसे में 13 बच्चों की डूबने से मौत हो गई थी। हादसे के दौरान चारों ओर अफरातफरी और चीख-पुकार मची थी। इसी बीच नाव पर सवार रामपुर श्यामचंद निवासी डोमन राय की पुत्री चांदनी कुमारी ने अपनी जान की परवाह किए बिना डूब रहे दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला था। 

नाव पलटने के बाद जब लोग अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब चांदनी ने साहस दिखाते हुए दोनों बच्चों को एक-एक कर पानी से बाहर निकाला था। अगर उस समय चांदनी ने साहस नहीं दिखाया होता, तो उन दो बच्चों की भी जान चली जाती। 

गांव में खबर के आते ही खुशी की लहर 

चांदनी के इसी साहस, मानवता और बहादुरी को देखते हुए शुक्रवार को बाल अधिकार संरक्षण आयोग, पटना द्वारा उन्हें वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान सिर्फ चांदनी कुमारी का नहीं, बल्कि पूरे रामपुर श्यामचंद गांव और राघोपुर क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। गांव में इस खबर के आते ही खुशी की लहर दौड़ गई। 

गांव के लोगों ने कहा कि चांदनी ने पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया है। चांदनी जैसी बहादुर बेटियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उसने साबित कर दिया कि साहस उम्र का मोहताज नहीं होता। अगर हौसला बुलंद हो, तो एक बेटी भी कई जिंदगियां बचा सकती है। 

गांव के लोगों ने चांदनी को बहुत-बहुत बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि हमें अपनी इस बहादुर बेटी पर गर्व है।

यह भी पढ़ें- वैशाली नाव हादसा: कहीं तीन बहनों की मौत, कहीं पिता ने खोई बेटी; 8 साल के नमन से 22 की पिंकी तक, हर कहानी दर्दनाक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।