महिलाओं की गर्म छड़ी से पिटाई, रातभर गूंजे अजीब मंत्र; वैशाली में पुलिस के सामने जारी रही 'भूतखेली' कुप्रथा
कार्तिक पूर्णिमा पर हाजीपुर के कोनहारा घाट पर 'भूतखेली' की सदियों पुरानी अंधविश्वासी परंपरा प्रशासन की मौजूदगी में भी जारी रही।

महिला के सिर पर सवार तथकथित भूत को भगाता भगत। फोटो जागरण
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर कोनहारा घाट पर 'भूतखेली' जारी रही।
प्रशासन की मौजूदगी में भी अंधविश्वास का खेल चलता रहा।
बुरी आत्माओं से मुक्ति के नाम पर महिलाओं को पीटा गया।
रविकांत सिंह, हाजीपुर। एक ओर देश के वैज्ञानिक चांद और मंगल तक पहुंचने के अभियान में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण समाज में जड़ जमाए अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता की कोशिशें नाकाफी नजर आ रही हैं।
हरिहर क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सदियों से चली आ रही कथित भूतखेली की परंपरा इस बार भी जारी रही।
आश्चर्यजनक रूप से प्रशासन की मौजूदगी में कोनहारा घाट पर पूरी रात यह सब होता रहा। इसमें शामिल लोग इसे अंधविश्वास या खेल नहीं, बल्कि बुरी आत्माओं के साये से मुक्ति दिलाने का उपाय मानते हैं।
इस कथित भूतखेली में पीड़ित बताए जाने वाले स्त्री-पुरुषों को शारीरिक पीड़ा भी पहुंचाई जाती है। भूत भगाने के नाम पर उन्हें छड़ी से पीटा जाता है।
ग्रामीण इलाकों से आए लोग इस प्रक्रिया में शामिल होते हैं, जबकि इसे देखने के लिए तमाशबीनों की भीड़ जुटती है। इस परंपरा में कथित रूप से भूत उतारने वाले को भगत कहा जाता है।
भगत पुरुष भी होते हैं और महिलाएं भी। हाथ में छड़ी लेकर वे अजीबोगरीब शब्दों का उच्चारण करते हुए कथित रूप से पीड़ित महिला या पुरुष के शरीर से भूत उतारने का दावा करते हैं। यह पूरा सिलसिला रातभर चलता रहा।
बीमारी को बुरी आत्माओं का असर मानने की धारणा
बताया जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर हाजीपुर के कोनहारा घाट पहुंचने वाली कथित रूप से भूत-प्रेत से पीड़ित अधिकांश महिलाएं निम्न या निम्न मध्यम आय वर्ग के परिवारों से आती हैं।
इन परिवारों में शिक्षा का अभाव होने के कारण शारीरिक या मानसिक परेशानी को भी कई बार भूत-प्रेत अथवा बुरी आत्माओं का असर मान लिया जाता है।
इसी धारणा के बीच कथित भगतों की भूमिका शुरू होती है। समाज के बुद्धिजीवियों का मानना है कि यह पूरी तरह अंधविश्वास है।
किशोरावस्था में लड़कियों और लड़कों के शरीर में हार्मोनल बदलाव के कारण कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। ऐसी स्थितियों को भूत-प्रेत का प्रभाव मानना और उसके नाम पर शारीरिक पीड़ा पहुंचाना उचित नहीं है।
प्रशासन की मौजूदगी में कैसे चलता रहा यह सब?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी भीड़ और प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद कोनहारा घाट पर पूरी रात यह गतिविधि कैसे चलती रही? क्या प्रशासन इस तरह के अंधविश्वास पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगा?
फिलहाल, हर साल की तरह इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा पर कथित भूतखेली का यह सिलसिला बिना किसी रोक-टोक के जारी रहा।
यह भी पढ़ें- हाथी की सवारी से स्विस काॅटेज तक... सोनपुर मेले का बदला अंदाज, लेकिन विदेशियों में आज भी बरकरार है आकर्षण