विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुपौल में कुश्ती का महादंगल, नेपाल-भूटान समेत कई राज्यों के पहलवानों ने दिखाया दम, 1 दिसंबर तक अखाड़े में भिड़ंत

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:50 AM (GMT+05:30)

सुपौल के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड की लौकहा पंचायत में कार्तिक पूर्णिमा पर कुश्ती मेले का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसमें बिहार, देश के अन्य राज्यों, नेपाल और भूटान के पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता 1 दिसंबर तक चलेगी, जो क्षेत्र की पारंपरिक खेल और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा दे रही है, और इसमें दर्शकों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

कुश्ती मेले में अखाड़े में जोर-आजमाइश करते पहलवान व उमड़ी दर्शकों की भीड़

कुश्ती मेले में अखाड़े में जोर-आजमाइश करते पहलवान व उमड़ी दर्शकों की भीड़

HighLights

  1. कार्तिक पूर्णिमा पर सुपौल में भव्य कुश्ती मेले का शुभारंभ।

  2. बिहार, नेपाल, भूटान सहित कई राज्यों के पहलवानों की भागीदारी।

  3. यह मेला 1 दिसंबर तक चलेगा, पारंपरिक खेल को बढ़ावा।

संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल)। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड की लौकहा पंचायत में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कुश्ती मेले का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों और पड़ोसी देश नेपाल एवं भूटान से भी पहलवान पहुंचे हैं। पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय दर्शक जुटे।

कुश्ती मेले का उद्घाटन स्थानीय मुखिया महारानी देवी, जदयू नेता मनोज यादव, सरपंच भगवत प्रसाद यादव, जदयू नेता सूर्यनारायण ठाकुर और व्यापार मंडल अध्यक्ष विजेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद पहलवानों का परिचय कराया गया और कुश्ती मुकाबलों की शुरुआत हुई।

नेपाल-भूटान सहित कई राज्यों के दिग्गज पहलवानों ने दिखाया दमखम

पहले दिन के मुकाबलों में भूटान के चिमचिम डोगरा, गोरखपुर के मुन्ना टाइगर, अजमेर शरीफ के बाबा अजमेरी, हरियाणा के बिरला पार्कमान, बिहार के बाबर पठान, झांसी के तूफान पहलवान, नेपाल के पंडित थापा, मुजफ्फरनगर के अमजद पहलवान, हरिद्वार के प्रदीप शास्त्री, पश्चिम बंगाल के हिटलर पहलवान, आगरा के एप्पल पहलवान, वाराणसी के देवा पहलवान, अयोध्या के निर्दोष बाबा तथा राजस्थान के लुक्का पहलवान समेत कई नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत और कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।

1 दिसंबर तक चलेंगे मुकाबले, विरासत को मिल रहा बढ़ावा

अलग-अलग स्थानों से पहुंचे पहलवानों के बीच मुकाबला देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच, पकड़ और पलटवार ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया और लोग तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे। भूटान और नेपाल से पहलवानों के पहुंचने से इस कुश्ती मेले की विशेष चर्चा रही।

आयोजकों के अनुसार, यह कुश्ती कार्यक्रम एक दिसंबर तक चलेगा, जिसके दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह मेला क्षेत्र की पारंपरिक खेल और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में दर्शक मुकाबले देखने पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें- सुपौल में आज से सजेगा भारत-नेपाल के पहलवानों का अखाड़ा, 4 दिनों तक चलेगा महादंगल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।