सुपौल में आज से सजेगा भारत-नेपाल के पहलवानों का अखाड़ा, 4 दिनों तक चलेगा महादंगल
सरायगढ़ के कोढ़ली गांव में कार्तिक पूर्णिमा मेले के अवसर पर शनिवार से चार दिवसीय भारत-नेपाल कुश्ती दंगल शुरू हो रहा है। इसमें भारत और नेपाल के नामी पहलवान अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिससे ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

कोढ़ली के दंगल के कार्यक्रम की जानकारी देते आयोजन समिति के सदस्य। जागरण
HighLights
कोढ़ली गांव में चार दिवसीय कुश्ती दंगल का आयोजन।
भारत और नेपाल के पहलवान दिखाएंगे अपनी कुश्ती कला।
ग्रामीण खेल संस्कृति और पारंपरिक मनोरंजन का महत्वपूर्ण हिस्सा।
संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल)। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड के कोढ़ली गांव में कार्तिक पूर्णिमा मेला के अवसर पर शनिवार से चार दिवसीय कुश्ती का आयोजन किया जा रहा है। इस कुश्ती में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल के नामी पहलवान भी अपनी कुश्ती कला और शारीरिक ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक कोढ़ी गांव पहुंचेंगे। दंगल में चिम चिम डोगरा, मन्नू पहलवान, मौसम अली और जावेद गनी सहित कई चर्चित पहलवानों के पहुंचने की संभावना है।
इसके अलावा दूर-दराज के इलाकों से भी कई पहलवान अपनी चुनौती पेश करने के लिए आ रहे हैं। इस बार की खास बात यह है कि अधिकांश ऐसे पहलवानों को आमंत्रित किया गया है, जो इससे पहले कोढ़ी गांव के दंगल में शामिल नहीं हुए थे। इससे मुकाबलों में नए पहलवानों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी।
पंचायत की मुखिया महारानी देवी, समाजसेवी मनोज यादव तथा सरपंच भगवत प्रसाद यादव ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह दंगल ग्रामीण खेल संस्कृति और पारंपरिक मनोरंजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस आयोजन के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले पहलवानों के प्रदर्शन को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा।
समाजसेवी मनोज यादव ने बताया कि दर्शकों के उत्साह और पिछले आयोजनों में मिले सहयोग को देखते हुए इस बार विशेष तैयारी की गई है। नेपाल के अलावा भारत के विभिन्न स्थानों से पहलवानों को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों का प्रयास है कि चार दिनों तक चलने वाले इस दंगल में दर्शकों को अलग-अलग मुकाबले देखने को मिलें और आयोजन यादगार बने।
उन्होंने बताया कि शनिवार को दोपहर दो बजे से कुश्ती कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद अगले चार दिनों तक पहलवान अखाड़े में उतरकर अपनी ताकत, तकनीक और कुश्ती के हुनर का प्रदर्शन करेंगे। मुकाबलों को लेकर स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में खास उत्सुकता देखी जा रही है।
मेले और दंगल को सफल बनाने के लिए पंचायत के युवा, बुजुर्ग और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग मिलकर तैयारी में जुटे हुए हैं। आयोजन स्थल की व्यवस्था, दर्शकों के बैठने और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी स्थानीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन में ग्रामीणों का सहयोग काफी महत्वपूर्ण है। पंचायत के लोग इसे केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और पारंपरिक खेलों को जीवित रखने का माध्यम मानते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।