विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोसी अंचल को पर्यटन का तोहफा: सुपौल का मान सरोवर झील आम लोगों के लिए खुला, 1.75 KM वाकिंग ट्रैक; टहलना व घूमना फ्री

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:46 AM (IST)

Supaul Man Sarovar Lake: सुपौल के भीमनगर स्थित नवनिर्मित मान सरोवर झील को आम नागरिकों के लिए खोल दिया गया ...और पढ़ें

Supaul Man Sarovar Lake: वीरपुर के मान सरोवर झील का ट्रायल शुरू

Supaul Man Sarovar Lake: वीरपुर के मान सरोवर झील का ट्रायल शुरू

HighLights

  1. मान सरोवर झील आम नागरिकों के लिए औपचारिक रूप से खुला।

  2. 1.75 किमी लंबा वॉकिंग ट्रैक, टहलना व घूमना निःशुल्क।

  3. झील में साइबेरियन पक्षियों का जमावड़ा, बाइनाकुलर लगेंगे।

संवाद सूत्र, भीमनगर (सुपौल)। Supaul Man Sarovar Lake: सीमावर्ती वीरपुर नगर क्षेत्र को पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या नौ में नवनिर्मित और विकसित 'मान सरोवर झील' को सोमवार से आम नागरिकों के लिए औपचारिक रूप से खोल दिया गया है। अब स्थानीय लोग और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले पर्यटक बिना किसी शुल्क के इस मनोरम स्थल पर सुबह-शाम टहलने, घूमने और शांत प्राकृतिक आबोहवा का लुत्फ उठा सकेंगे।

आगामी 18 नवंबर को बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग के मंत्री द्वारा इस महत्वाकांक्षी पर्यटन परियोजना का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। सोमवार दोपहर क्षेत्र भ्रमण के दौरान पहुंचे पूर्व मंत्री सह छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने अधिकारियों के साथ झील का सघन निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।

विधायक ने एसडीएम संग की बोटिंग, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सोमवार दोपहर करीब तीन बजे पहुंचे विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने लगभग 40 मिनट तक मान सरोवर झील परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहन पार्किंग जोन, मुख्य सरोवर बेसिन, वाकिंग स्पॉट और बोटिंग एरिया की व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम विनय कुमार और वन विभाग के फॉरेस्टर रवि रंजन से सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी ली।

झील के स्वच्छ व निर्मल जलप्रवाह से संतुष्ट विधायक ने खुद लाइफ जैकेट पहनकर एसडीएम विनय कुमार के साथ बोटिंग का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि मान सरोवर झील को एक आकर्षक इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करना उनका पुराना संकल्प था। इसके प्रारंभिक विकास कार्य पूरे हो चुके हैं और ट्रायल रन के तहत इसे जनता को समर्पित किया गया है।

1.75 किमी लंबा वाकिंग ट्रैक, सुझाव पुस्तिका से होगा सुधार

विधायक ने बताया कि मॉर्निंग वॉक और फिटनेस प्रेमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए झील के चारों ओर 1.75 किलोमीटर लंबा पक्का वाकिंग ट्रैक तैयार किया गया है। वर्तमान में झील में प्रवेश और टहलने की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। भविष्य में बोटिंग व विशेष मनोरंजन सुविधाओं के सुचारु संचालन के लिए एक न्यूनतम शुल्क तय किया जाएगा।

पर्यटकों के अनुभवों को जानने और व्यवस्था में निरंतर सुधार के लिए परिसर में एक 'सुझाव पुस्तिका' (फीडबैक रजिस्टर) भी रखी जाएगी, ताकि आमजन की राय और शिकायतों के आधार पर बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

साइबेरियन पक्षियों का लगा जमावड़ा, लगेंगे हाईटेक बाइनाकुलर

सर्दियों के आगाज के साथ ही झील के पश्चिमी हिस्से में हजारों की संख्या में पहुंचे विदेशी साइबेरियन पक्षियों की जलक्रीड़ा देखकर विधायक खासे उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि प्रवासी परिंदे इस झील की सबसे बड़ी यूएसपी और विशिष्ट पहचान हैं। इन दुर्लभ पक्षियों को निहारने के लिए राज्य और देश भर से बर्ड वॉचर्स व प्रकृति प्रेमी वीरपुर पहुंचेंगे।

पक्षियों की सुरक्षा में कोई खलल न पड़े और पर्यटक उन्हें करीब से देख सकें, इसके लिए झील के प्रमुख वॉच-प्वाइंट्स पर उच्च गुणवत्ता वाले बाइनाकुलर (दूरबीन) स्थापित किए जाएंगे।

दिसंबर में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले दूर होंगी कमियां

विधायक ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के संपूर्ण विकास के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मार्गदर्शन और सहयोग लिया जाएगा। दिसंबर माह में मुख्यमंत्री का वीरपुर दौरा संभावित है, जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया जारी है। इससे पूर्व 18 नवंबर को वन एवं पर्यावरण मंत्री द्वारा इसका विधिवत उद्घाटन कराकर शेष बचे सभी तकनीकी और सौंदर्यीकरण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मान सरोवर झील आने वाले दिनों में सुपौल और कोसी क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन केंद्र बनकर उभरेगा।

यह भी पढ़ें- कोसी में बाढ़ नियंत्रण का नया केंद्र: सुपौल में 106 करोड़ से तैयार देश का दूसरा मॉडलिंग सेंटर, उद्घाटन करेंगे CM

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।