कोसी में बाढ़ नियंत्रण का नया केंद्र: सुपौल में 106 करोड़ से तैयार देश का दूसरा मॉडलिंग सेंटर, उद्घाटन करेंगे CM
Physical Modelling Centre Veepur Inauguration: सुपौल के वीरपुर में 106 करोड़ की लागत से देश का दूसरा फिजिकल मॉडलिंग सेंटर ...और पढ़ें

Physical Modelling Centre Veepur Inauguration: सीएम के दौरे से पहले डीएम ने लिया जायजा
HighLights
वीरपुर, सुपौल में दूसरा फिजिकल मॉडलिंग सेंटर तैयार।
106 करोड़ की लागत से विश्व बैंक सहयोग से निर्मित।
बाढ़, कटाव, जल प्रबंधन का वैज्ञानिक समाधान देगा।
संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। Physical Modelling Centre Veepur Inauguration: बिहार में बाढ़ और कटाव के स्थायी वैज्ञानिक समाधान की दिशा में एक नया ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। सुपौल जिले के वीरपुर में 106 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित देश के दूसरे 'फिजिकल मॉडलिंग सेंटर' का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही मुख्यमंत्री द्वारा इसका विधिवत उद्घाटन किया जाना प्रस्तावित है। इस बहुप्रतीक्षित उद्घाटन समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सावन कुमार ने पूरे सेंटर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं, रिसर्च बेसिन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा मॉडलिंग सेंटर के मुख्य अभियंता ई. संजीव कुमार सिंह को समय-सीमा के भीतर सभी शेष व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े दिशा-निर्देश दिए।
विश्व बैंक के सहयोग से 106 करोड़ में निर्माण
निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि कोसी समेत उत्तर भारत की तमाम प्रमुख नदियों के जल प्रबंधन, बाढ़ के सटीक पूर्वानुमान, तटबंध सुरक्षा उपायों और नदियों के आक्रामक जलप्रवाह व दिशा परिवर्तन पर वैज्ञानिक नियंत्रण के उद्देश्य से इस अत्याधुनिक सेंटर की स्थापना की गई है।
पुणे के बाद देश में दूसरा केंद्र
विश्व बैंक के वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग से स्थापित यह केंद्र पुणे के 'सेंट्रल वाटर एंड पावर रिसर्च स्टेशन' (CWPRS) के बाद देश का दूसरा ऐसा अनूठा फिजिकल मॉडलिंग सेंटर है। इस केंद्र के माध्यम से नदियों के भौतिक मॉडल बनाकर वास्तविक प्रवाह और कटाव की परिस्थितियों का सटीक अनुकरण किया जा सकेगा।
रंगाई-पुताई, पौधरोपण और सुंदरीकरण के कड़े निर्देश
संभावित उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए डीएम ने परिसर के कायाकल्प और सुंदरीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सेंटर परिसर में उगी जंगली घास और झाड़ियों की व्यापक स्तर पर सफाई कराने, मुख्य प्रशासनिक भवन एवं तकनीकी विंग की नई सिरे से आकर्षक रंगाई-पुताई कराने तथा परिसर के भीतरी पहुंच मार्गों को दुरुस्त करने का आदेश दिया। इसके साथ ही, पूरे परिसर को हरित पट्टी (ग्रीन बेल्ट) के रूप में विकसित करने के लिए छायादार और फलदार पौधों के त्वरित रोपण का निर्देश दिया।
जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन के आला अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान वीरपुर एसडीओ विनय कुमार, एसडीपीओ पवन कुमार, बसंतपुर बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा, कोसी बराज सर्किल के अधीक्षण अभियंता ई. संजय कुमार तथा शीर्ष कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ई. बबन पांडेय सहित मॉडलिंग सेंटर के तमाम तकनीकी विशेषज्ञ व कनीय अभियंता उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि उद्घाटन से पूर्व सभी सिविल व तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।