सुपौल : धान की पारंपरिक खेती छोड़ अपनाई फूलगोभी की राह तो बदली किस्मत, कम लागत में बेहतर मुनाफा
Cauliflower Farming Success Story : सुपौल के किसानों ने पारंपरिक धान की खेती छोड़कर फूलगोभी अपनाई, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुधरी है। इस बदलाव ने न केवल बेहतर आय दी, बल्कि गांवों से युवाओं का पलायन भी रोका और स्थानीय रोजगार पैदा किया।

Cauliflower Farming Success Story : सुपौल के एक दर्जन गांवों में फूलगोभी की खेती से रुका युवाओं का पलायन
HighLights
पारंपरिक धान छोड़ फूलगोभी अपनाई, किसानों की आय बढ़ी।
आर्थिक स्थिति सुधरी, युवाओं का पलायन रुका, मिला रोजगार।
सुपौल के किसान बने प्रेरणा, खेती में दिखाया नया मार्ग।
संवाद सूत्र, लौकहा बाजार (सुपौल)। Cauliflower Farming Success Story : खेती को घाटे का सौदा मानने वाले लोगों के लिए सुपौल सदर प्रखंड के कई गांवों के किसान आज प्रेरणा की मिसाल बन रहे हैं। कभी आर्थिक तंगी से जूझने वाले इन किसानों ने पारंपरिक धान की खेती से हटकर फूलगोभी की खेती को अपनी आमदनी का मुख्य जरिया बना लिया है।
सब्जी की खेती से होने वाली बेहतर और नियमित आमदनी ने न केवल उनकी आर्थिक स्थिति बदली है, बल्कि गांवों से युवाओं का पलायन रोकने में भी अहम भूमिका निभाई है। अब दूसरे प्रदेशों में जाकर मजदूरी करने के बजाय युवा किसान अपने ही खेतों में पसीना बहाकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं।
एक दर्जन गांवों में लहलहा रही फूलगोभी, बदला जीवनस्तर
सदर प्रखंड के अमहा, झहुरा, लक्ष्मीनियां, चौघारा, अजान, लौकहा सहित आसपास के करीब एक दर्जन गांवों में इन दिनों बड़े पैमाने पर फूलगोभी की खेती देखने को मिल रही है। कुछ वर्षों पहले तक यहां के किसान भी धान और पारंपरिक फसलों पर निर्भर थे, लेकिन कम आमदनी और बढ़ती लागत को देखते हुए उन्होंने खेती के तरीके में बदलाव किया।
मौसमी सब्जियों की शुरुआत के बाद धीरे-धीरे फूलगोभी उनकी आजीविका का प्रमुख आधार बन गई। नियमित आय होने से अब किसान बच्चों की पढ़ाई, घर की मरम्मत और अन्य आवश्यकताओं पर पहले की अपेक्षा अधिक खर्च कर पा रहे हैं, जिससे गांवों के रहन-सहन में साफ बदलाव दिख रहा है।
युवाओं को गांव में ही मिल रहा रोजगार, परिवार मिलकर कर रहा काम
फूलगोभी की खेती ने ग्रामीण युवाओं को अपने ही गांव में सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया है। पहले काम की तलाश में बड़ी संख्या में युवा दूसरे राज्यों का रुख करते थे, जहां उन्हें कठिन परिस्थितियों में मजदूरी करनी पड़ती थी। अब खेती से अच्छी आमदनी की संभावना को देखते हुए युवा गांव में ही रहकर कृषि कार्यों में रुचि ले रहे हैं। खेतों की तैयारी से लेकर पौधों की रोपाई, सिंचाई, निराई और फसल की देखभाल में परिवार के सभी सदस्य मिलकर सहयोग कर रहे हैं।
दूसरे किसानों के लिए बने प्रेरणास्रोत
इन गांवों के किसानों का मानना है कि यदि खेती को पारंपरिक ढर्रे के बजाय बाजार की मांग और फसल की उपयोगिता को ध्यान में रखकर किया जाए, तो शानदार मुनाफा कमाया जा सकता है। उनका कहना है कि जिन लोगों को खेती घाटे का सौदा लगती है, उन्हें एक बार इन गांवों में आकर किसानों के अनुभव जरूर देखने चाहिए। यहां के अन्नदाताओं ने किसी चमत्कार के सहारे नहीं, बल्कि अपनी मेहनत, अनुभव और खेती के तरीके में बदलाव कर अपनी तकदीर बदली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।