विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानी में डूबी छह महीने की मेहनत: भीगी फसल को कंधे से लगाए बेबस बैठा रहा जमुई का किसान, तस्वीर देख भर आएंगी आंखें

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:59 AM (IST)

Jamui Unseasonal Rain Damage Paddy Demand: जमुई के खैरा और अलीगंज प्रखंडों में बेमौसम बारिश से धान की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसान भारी संकट और कर्ज में डूब गए हैं। अत्यधिक नमी के कारण गेहूं की बुवाई में देरी और सब्जियों में फंगस लगने का भी डर है, जिससे किसानों ने मुआवजे की मांग की है।

Jamui Unseasonal Rain Damage Paddy Demand: बेमौसम बारिश से धान की कटी फसल बर्बाद

Jamui Unseasonal Rain Damage Paddy Demand: बेमौसम बारिश से धान की कटी फसल बर्बाद

HighLights

  1. बेमौसम बारिश ने जमुई के किसानों की धान की फसल बर्बाद की।

  2. कर्ज में डूबे किसान, परिवार के भरण-पोषण की चिंता बढ़ी।

  3. गेहूं की बुवाई में देरी, सब्जियों में फंगस का खतरा मंडराया।

संवाद सूत्र, खैरा/अलीगंज (जमुई)। Jamui Unseasonal Rain Damage Paddy Demand: जमुई जिले के खैरा और अलीगंज प्रखंड क्षेत्रों में अचानक हुई बेमौसम बारिश और लगातार छाई रहने वाली नमी ने किसानों के सामने भारी संकट खड़ा कर दिया है। कटाई के बाद खेतों में ही सूखने के लिए रखी गई धान की फसल पानी में पूरी तरह डूब गई है।

महीनों की हाड़-तोड़ मेहनत और पूंजी लगाकर तैयार की गई फसल के इस तरह बर्बाद होने से अन्नदाता पूरी तरह बेबस और मायूस हैं। किसानों को डर सता रहा है कि यदि भीगा हुआ धान जल्द नहीं सुखाया गया, तो पूरी फसल सड़ जाएगी और उनकी लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा।

Jamui Farmers Devastated by Unseasonal Rain Paddy Crop Ruined (1)

"कर्ज लेकर की थी खेती, अब परिवार कैसे पालें"

खैरा प्रखंड के बड़ीबाग गांव निवासी किसान कपिल यादव तथा पीपराटांड़ निवासी स्वास्थ्य कुमार और परशुराम सिंह ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि अचानक हुई बारिश ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। उन्होंने बताया कि बीज, खाद, कीटनाशक और मजदूरी के लिए उन्होंने साहूकारों और बैंकों से कर्ज लिया था।

Jamui Farmers Devastated by Unseasonal Rain Paddy Crop Ruined (4)

उम्मीद थी कि इस बार फसल बेचकर सबसे पहले पुराना कर्ज चुकाएंगे और परिवार की जरूरतें पूरी करेंगे, लेकिन अब आर्थिक संकट का पहाड़ उनके सामने खड़ा है। भीगने के कारण धान का दाना खराब (खखरी) होने और उसमें सड़न व कीड़े लगने का खतरा तेजी से बढ़ गया है।

Jamui Farmers Devastated by Unseasonal Rain Paddy Crop Ruined (2)

लाचार किसानों ने जिला प्रशासन से प्रभावित खेतों का दौरा कर फसल क्षति का त्वरित आकलन कराने और उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।

अलीगंज में गेहूं की बोवाई पर संकट, सब्जियों में फंगस का डर

उधर, अलीगंज प्रखंड क्षेत्र में भी मौसम की बेरुखी से खेतों से लेकर खलिहानों तक हाहाकार मचा हुआ है। लगातार दो दिनों से आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी से खेतों में अत्यधिक नमी हो गई है। किसान बताते हैं कि गेहूं की बोवाई के लिए 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक का समय सबसे उत्तम माना जाता है, लेकिन खेतों में अत्यधिक गीलापन होने से समय पर बोवाई टलने का डर है। यदि बोवाई में देरी हुई, तो रबी सीजन में गेहूं और चने की पैदावार बुरी तरह प्रभावित होगी।

Jamui Farmers Devastated by Unseasonal Rain Paddy Crop Ruined (3)

इसके अलावा, अत्यधिक नमी और धूप न निकलने के कारण खेतों में लगी हरी सब्जियों की फसलों में फंगस (फफूंद) और अन्य रोग लगने की आशंका बढ़ गई है। किसान ब्रह्मदेव सिंह ने बताया कि इस मौसम से सिर्फ धान ही नहीं, बल्कि रबी की पूरी तैयारी चौपट होने की कगार पर है। किसानों के पास अब केवल आसमान की ओर देखने और सरकारी मदद की उम्मीद करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।

यह भी पढ़ें- तस्वीर बोलती है: भागलपुर में टूटी चचरी के दो बांस पर संतुलन बनाकर नदी पार कर रहे स्कूली बच्चे, नीचे मौत का साया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।