मछली पालन से बढ़ेगी कमाई, सुपौल के 30 किसान किशनगंज रवाना, पांच दिन सीखेंगे आधुनिक तकनीक, बदलेगी तस्वीर
सुपौल जिले के 30 मत्स्य किसानों को आधुनिक मछली पालन तकनीकों का प्रशिक्षण लेने के लिए किशनगंज भेजा गया है। यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

प्रशिक्षण के लिए रवाना होते सुपौल जिले के मत्स्य किसान व संबंधित अधिकारी
HighLights
सुपौल के 30 किसान किशनगंज में लेंगे प्रशिक्षण।
आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों की मिलेगी विस्तृत जानकारी।
किसानों की आय और मछली उत्पादन में होगी वृद्धि।
संवाददाता, सुपौल। जिले में मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ मत्स्य किसानों की आमदनी में इजाफा करने के उद्देश्य से जिला मत्स्य कार्यालय ने एक अहम पहल की है।
इसके तहत जिले के 30 चयनित मत्स्य किसानों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों का प्रशिक्षण दिलाने के लिए किशनगंज भेजा गया है। ये सभी किसान 23 से 27 नवंबर तक कॉलेज ऑफ फिशरीज, किशनगंज में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
तालाब प्रबंधन और वैज्ञानिक तरीकों की मिलेगी जानकारी
जिला मत्स्य कार्यालय की ओर से चयनित मत्स्य किसानों को प्रशिक्षण के लिए रवाना किया गया। पांच दिवसीय कार्यशाला के दौरान किसानों को नवीनतम मात्स्यिकी तकनीक और वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन करने के गुर सिखाए जाएंगे। इस पहल का मुख्य मकसद पारंपरिक मत्स्य पालन को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और किसानों को अधिक उत्पादन के लिए सक्षम बनाना है।
प्रशिक्षण सत्र में किसानों को मत्स्य पालन के उन्नत तरीकों, प्रभावी तालाब प्रबंधन, मछलियों की तेज व बेहतर वृद्धि, उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी तथा मत्स्य पालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने से किसान उपलब्ध संसाधनों का बेहतर और प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।
लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित होगा मत्स्य पालन
जिला मत्स्य कार्यालय की इस कवायद से सुपौल में मत्स्य पालन को एक अधिक लाभकारी और टिकाऊ व्यवसाय के रूप में विकसित करने की उम्मीद है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद किसान अपने-अपने क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक इस्तेमाल कर सकेंगे।
इससे न केवल जिले में मछली उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि होगी, बल्कि मत्स्य पालकों की वार्षिक आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- कोसी अंचल को पर्यटन का तोहफा: सुपौल का मान सरोवर झील आम लोगों के लिए खुला, 1.75 KM वाकिंग ट्रैक; टहलना व घूमना फ्री
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।