विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Supaul News: स्कूल की पहली मंजिल पर मिला छात्रा का खून से लथपथ शव, गला रेतकर हत्या

Published: Tue, 19 May 2026 04:42 PM (IST)

सुपौल के चरणे गांव में एक 16 वर्षीय छात्रा वंदना कुमारी का शव स्कूल की पहली मंजिल पर खून से ...और पढ़ें

स्कूल की पहली मंजिल पर मिला छात्रा का खून से लथपथ शव, गला रेतकर हत्या

स्कूल की पहली मंजिल पर मिला छात्रा का खून से लथपथ शव, गला रेतकर हत्या

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जेएनएन, जदिया/राजेश्वरी (सुपौल)। राजेश्वरी थाना क्षेत्र के चरणे गांव में सोमवार की देर रात 16 वर्षीय छात्रा वंदना कुमारी का शव घर से सौ मीटर दूर विद्यालय की पहली मंजिल पर खून से लथपथ अवस्था में मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत, आक्रोश और मातम का माहौल है। पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है कि आखिर वंदना देर रात विद्यालय क्यों पहुंची और वहां उसके साथ क्या हुआ।

मृतका पंचायत के वार्ड संख्या चार निवासी स्व. सियाराम सरदार की पुत्री थी। वह वर्ग 9 की छात्रा थी तथा दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटी थी। घटना की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

स्वजन के अनुसार, सोमवार रात भोजन के बाद वंदना घर में संचालित दुकान में अपनी छोटी भतीजी के साथ सो रही थी। देर रात करीब 12 बजे बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसकी भाभी दुकान पर पहुंची तो वंदना वहां नहीं थी। मोबाइल पर संपर्क करने पर उसने बाथरूम जाने की बात कही।

करीब पांच मिनट बाद दोबारा फोन करने पर उसने केवल आ रही हूं कहा और फोन काट दिया। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

स्वजन ने बताया कि करीब दस मिनट बाद गांव स्थित अनुसूचित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की दिशा से वंदना के चीखने की दो बार आवाज सुनाई दी। अनहोनी की आशंका से परिवार के लोग दौड़ते हुए विद्यालय पहुंचे। वहां पहली मंजिल पर उसका शव खून से सना पड़ा मिला। उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था।

घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की बर्बरता साफ झलक रही थी। घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी तथा जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में एसडीपीओ विभाष कुमार तथा एसपी शरथ आरएस भी घटनास्थल पहुंचे और विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया।

पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंची मृतका की भाभी समेत अन्य लोगों ने बताया कि वंदना के कपड़े व्यवस्थित थे और उसके पैर में चप्पल भी थे। उनलोगों ने प्रेम प्रसंग की जानकारी होने व दुष्कर्म की आशंका से भी इनकार किया है।

हालांकि, किशोरी का देर रात विद्यालय जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में गाय तस्करी करते पिकअप चालक की पिटाई, दो तस्कर फरार

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 80 किलो गांजा जब्त कर तस्कर को किया गिरफ्तार