कंधे पर मासूम पोते का शव, आंखों में आंसू; सुपौल में बेबस दादा की मिन्नतें देख शर्मसार हुई मानवता
सुपौल में एक दादा को अपने तीन वर्षीय पोते के सर्पदंश से मृत शरीर को कंधे पर लेकर घंटों भटकना पड़ा, क्योंकि अस्पताल से एम्बुलेंस नहीं मिली।

मृत पोते को कंधे पर लिए दादा याकूब। (जागरण)
HighLights
सुपौल में दादा को मृत पोते का शव कंधे पर ले जाना पड़ा।
तीन वर्षीय पोते शहवाज की सर्पदंश से मौत हो गई थी।
अस्पताल प्रशासन ने एम्बुलेंस उपलब्ध कराने में देरी की।
संवाद सूत्र, त्रिवेणीगंज (सुपौल)। कांपते बूढ़े कंधों पर तीन वर्ष के मासूम पोते का निष्प्राण शरीर, पथराई आंखों में आंसू और कलेजे के टुकड़े को घर पहुंचाने के लिए हर आते-जाते के आगे जुड़ते हाथ...।
रविवार की शाम सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल और एनएच 327ई पर बुजुर्ग की बेबसी देख मानवता शर्मसार हो गई।
व्यवस्था की संवेदनहीनता ऐसी कि सर्पदंश से मृत पोते के शव को कंधे पर लादकर दादा याकूब घंटों दर-दर भटकते रहे, लेकिन अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई सुध नहीं ली गई।
सांप के डसने से बच्चे की हुई मौत
कुमयाही वार्ड 13 निवासी मो. वासिम का तीन वर्षीय पुत्र शहवाज रविवार शाम घर के पास खेलते समय विषैले सांप के डसने से अचेत हो गया।
स्वजन आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही मां रबीना खातून और दादी खेरून खातून दहाड़ मारकर रोने लगीं।
मासूम को खोने के गहरे सदमे के बीच स्वजन पर तब दोहरी विपत्ति आ पड़ी, जब शव को गांव ले जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला। विवश दादा याकूब पोते के शव को कंधे पर उठाकर अस्पताल से बाहर निकले और सड़क पर गुजर रहे ऑटो व ई-रिक्शा चालकों से मिन्नतें करने लगे।
शव देखकर कोई भी चालक ले जाने को तैयार नहीं हुआ। घंटों तक बिलखती मां-दादी के साथ बुजुर्ग दादा शव को कंधे पर संभाले भटकते रहे।
मामले की जानकारी जब किसी ने सिविल सर्जन बाबू साहब झा को दी, तब उनके निर्देश पर स्वास्थ्य प्रबंधक हरकत में आए। काफी जद्दोजहद के बाद आखिरकार एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई और शव को घर भेजा जा सका।
इस घटना ने स्वास्थ्य महकमे में मानवीय संवेदना और शव वाहन की उपलब्धता के दावों की कलई खोलकर रख दी है।
यह भी पढ़ें- न मां की गोद मिली, न पिता का सहारा... सिस्टम की लापरवाही ने छीनी आस्था की जिंदगी, उजड़ गया मासूमों का संसार
