विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेतों में खंभे खड़े, पर बिजली नदारद! सुपौल में 14 महीने से सिंचाई सुविधा का इंतजार कर रहे सैकड़ों किसान

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:29 PM (IST)

सुपौल के प्रतापगंज में किसानों को 14 महीने से सिंचाई सुविधा का इंतजार है, जहाँ बिजली के खंभे तो लग गए पर आगे का काम अधूरा है।

खेतों में खंभे खड़े, पर बिजली नदारद (सौ. जागरण)

खेतों में खंभे खड़े, पर बिजली नदारद (सौ. जागरण)

HighLights

  1. सुपौल में 14 महीने से सिंचाई सुविधा अधूरी.

  2. बिजली के खंभे लगे, पर आगे का काम रुका.

  3. गेहूं, मक्का फसलों की सिंचाई पर असर.

संवाद सूत्र, प्रतापगंंज (सुपौल)। किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाकर सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के सरकारी दावों के बीच प्रतापगंज प्रखंड की चिलौनी उत्तर पंचायत स्थित बेलही गांव के वार्ड नंबर तीन में जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। 

यहां बिजली के खंभे तो गाड़ दिए गए, लेकिन सिंचाई सुविधा बहाल करने की दिशा में आगे का काम करीब 14 महीने से अधूरा पड़ा है। नतीजतन, सैकड़ों किसान अपनी फसलों की सिंचाई को लेकर चिंतित हैं। खेतों में लगी गेहूं और मक्का की फसलों को अब पानी की जरूरत महसूस होने लगी है। ऐसे में समय पर सिंचाई की सुविधा नहीं मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। 

14 महीने पहले खेतों के समीप बिजली के खंभे गाड़े

किसानों को आशंका है कि यदि जल्द व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो फसलों की पैदावार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। स्थानीय किसानों ने बताया कि बिजली विभाग के संबंधित कार्य एजेंसी ने लगभग 14 महीने पहले खेतों के समीप बिजली के खंभे गाड़े थे। 

उस समय किसानों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही सिंचाई के लिए आवश्यक व्यवस्था पूरी हो जाएगी। और खेतों तक पानी पहुंचने लगेगा। लेकिन खंभे गाड़ने के बाद आगे का काम नहीं होने से उनकी उम्मीदें अब निराशा में बदलने लगी हैं। 

वरीय अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया 

खेतों में खंभे खड़े हैं लेकिन सिंचाई की सुविधा अब तक बहाल नहीं हो सकी है। इतना ही नहीं किसानों का कहना है कि इस समस्या को लेकर सिमराही बाजार स्थित एजेंसी के कैंप में मौजूद पदाधिकारियों से कई बार गुहार लगाई गई। इसके अलावा जिले के वरीय अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया है। 

बावजूद इसके अधूरे कार्य को पूरा कराने की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं दिख रही है। किसानों के सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि फसलों को जरूरत के समय पानी कैसे उपलब्ध कराया जाए। 

किसानों ने संबंधित कार्य एजेंसी और विभागीय अधिकारियों से अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा कराकर सिंचाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। ताकि किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी मिल सके।

यह भी पढ़ें- सुपौल : धान की पारंपरिक खेती छोड़ अपनाई फूलगोभी की राह तो बदली किस्मत, कम लागत में बेहतर मुनाफा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।