विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेलने की उम्र में 10 रुपये के सस्ते नशे ने छीना बचपन! सुपौल में सॉल्यूशन-फेविकोल सूंघकर जिंदगी तबाह कर रहे बच्चे

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:30 PM (IST)

सुपौल में बच्चे खिलौनों की उम्र में सस्ते नशे, जैसे सॉल्यूशन और फेविकोल, की चपेट में आ रहे हैं। यह नशा उनकी सेहत और भविष्य को तबाह कर रहा है, जिसके लिए प्रशासन और समाज को मिलकर काम करना होगा।

खेलने की उम्र में 10 रुपये के सस्ते नशे ने छीना बचपन (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

खेलने की उम्र में 10 रुपये के सस्ते नशे ने छीना बचपन (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. बच्चे सस्ते सॉल्यूशन और फेविकोल का नशा कर रहे।

  2. यह नशा स्वास्थ्य और भविष्य के लिए बेहद खतरनाक।

  3. गरीबी, उपेक्षा और आसान उपलब्धता मुख्य कारण हैं।

जागरण संवाददाता, सुपौल। खिलौनों से खेलने और पढ़ाई-लिखाई करने की उम्र में बच्चे ऐसे नशे की गिरफ्त में पहुंच रहे हैं, जो धीरे-धीरे उनकी जिंदगी को तबाह कर रहा है। प्लास्टिक, रबड़ और अन्य सामान को जोड़ने में इस्तेमाल होने वाला सॉल्यूशन और फेविकोल अब बच्चों एवं किशोरों के लिए नशे का सस्ता साधन बनता जा रहा है। स्थिति चिंताजनक है। 

शहर के विभिन्न टोले-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर कूड़ा चुनने वाले बच्चों और किशोरों को रूमाल या प्लास्टिक में केमिकल छिड़ककर सूंघते देखा जा रहा है। महज 10 रुपये में उपलब्ध इस नशे की गिरफ्त में आकर कई बच्चे अपने बचपन और भविष्य को खतरे में डाल रहे हैं।

दस रुपये में मिल रहा नशे का सामान

बताया जाता है कि स्टेशनरी दुकानों से लेकर किराना दुकान, साइकिल दुकान और छोटी-छोटी गुमटियों तक पर सॉल्यूशन और फेविकोल आसानी से उपलब्ध हैं। कुछ दुकानदार चंद रुपये के मुनाफे के लिए बिना यह जाने कि इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाएगा, बच्चों को भी इसकी बिक्री कर देते हैं। 

कम कीमत और आसानी से उपलब्धता के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे इसकी ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। खासकर कूड़ा चुनने वाले बच्चों में इसका इस्तेमाल अधिक देखने को मिल रहा है। 

स्थानीय दुकानदार के अनुसार, सॉल्यूशन का उपयोग प्लास्टिक के सामान, टूटे-फूटे पार्ट-पुर्जों को जोड़ने और विभिन्न वस्तुओं की मरम्मत में किया जाता है। वहीं, कागज चिपकाने तथा वाहनों के ट्यूब का पंचर बनाने में भी इसका इस्तेमाल होता है। हालांकि, कुछ बच्चे इसका इस्तेमाल नशे के लिए कर रहे हैं।

सेहत के साथ भविष्य पर भी खतरा

जानकारों के अनुसार, सॉल्यूशन जैसे उत्पादों में मौजूद वाष्पशील रासायनिक पदार्थों को सूंघना स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। इसके लगातार संपर्क में आने से मस्तिष्क, तंत्रिका तंत्र, हृदय और फेफड़ों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा चक्कर आना, बेहोशी, सांस लेने में परेशानी और गंभीर स्थिति में अचानक मौत तक का खतरा रहता है।

नशे के जाल से बच्चों को निकालना चुनौती

इस समस्या का एक बड़ा कारण गरीबी, पारिवारिक उपेक्षा, अशिक्षा और बच्चों की असुरक्षित परिस्थितियां भी हैं। कूड़ा चुनने वाले कई बच्चे दिनभर सड़कों और गलियों में रहते हैं। ऐसे में उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने वाला कोई नहीं होता। धीरे-धीरे यह आदत नशे की लत में बदल सकती है। 

इस समस्या से निपटने के लिए केवल दुकानदारों पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं होगा। प्रशासन, पुलिस, बाल संरक्षण इकाई और सामाजिक संगठनों को संयुक्त रूप से अभियान चलाने की जरूरत है। 

दुकानदारों को भी जागरूक करना होगा कि ऐसे रासायनिक उत्पाद बच्चों को नशे के उद्देश्य से उपलब्ध न कराएं। साथ ही जोखिम में जी रहे बच्चों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग, शिक्षा और पुनर्वास की व्यवस्था करनी होगी। समय रहते ठोस पहल नहीं हुई तो सस्ते नशे का यह जाल कई मासूमों का भविष्य निगल सकता है।

यह भी पढ़ें- सुपौल के निर्मली में झाड़ियों से मिली लावारिस नवजात बच्ची, अस्पताल में गोद लेने वालों की उमड़ी भीड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।