सुपौल के निर्मली में झाड़ियों से मिली लावारिस नवजात बच्ची, अस्पताल में गोद लेने वालों की उमड़ी भीड़
सुपौल के निर्मली में चिमनी भट्ठा के पास झाड़ियों में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

झाड़ियों से मिली लावारिस नवजात बच्ची (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
संवाद सहयोगी, निर्मली (सुपौल)। नगर से जरौली जाने वाली मुख्य सड़क पर चिमनी भट्ठा के समीप झाड़ी में एक नवजात बच्ची मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची को देखकर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों में भी इसकी चर्चा होने लगी।
मिली जानकारी के अनुसार, सड़क के किनारे खेतों में कुछ महिलाएं काम कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ी में पड़ी एक नवजात बच्ची पर गई। बच्ची को इस हालत में देखकर महिलाएं घबरा गईं और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और सड़क से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
वहीं, ग्रामीणों और राहगीरों के सहयोग से नवजात बच्ची को तत्काल निर्मली अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कर चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया। बच्ची के मिलने की खबर अस्पताल तक पहुंचते ही उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी।
इधर बच्ची को गोद लेने की इच्छा जताने वाले कई लोग भी अस्पताल पहुंच गए। बच्ची को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। हालांकि, बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति, उसके माता-पिता की पहचान और उसे गोद देने की प्रक्रिया को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।