विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब‍िहार में 50% अनुदान पर मिलेगा मक्का बीज; पीला सोना के ल‍िए सब्सिडी का नहीं करना होगा इंतजार, जल्‍दी से कर लें खरीदारी

Published: Sun, 15 Nov 2026 05:59 AM (IST)

Bihar Seed Subsidy : सुपौल जिले में मक्का की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग किसानों को 50% ...और पढ़ें

Bihar Seed Subsidy :  ब‍िहार के एक किसान को दो हेक्टेयर तक मिलेगा उन्नत बीज का लाभ

Bihar Seed Subsidy : ब‍िहार के एक किसान को दो हेक्टेयर तक मिलेगा उन्नत बीज का लाभ

HighLights

  1. सुपौल में मक्का खेती के लिए 50% अनुदान पर बीज उपलब्ध।

  2. 'राजेंद्र हाइब्रिड मक्का-4' उन्नत बीज किसानों को दिया जा रहा।

  3. किसानों को सब्सिडी राशि के लिए अब इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

जागरण संवाददाता, सुपौल। Bihar Seed Subsidy : कभी मक्का उत्पादन के लिए अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाला कोसी प्रभावित सुपौल जिला एक बार फिर मक्का की खेती के पुराने गौरव को हासिल करने की राह पर है। बाजार की कमी के कारण जिस खेती से किसानों ने धीरे-धीरे दूरी बना ली थी, अब बाजार में बढ़ती मांग और बेहतर कीमत ने उसी मक्का की खेती के प्रति किसानों का रुझान फिर बढ़ा दिया है।

किसानों की इस बढ़ती रुचि को देखते हुए कृषि विभाग ने रबी सीजन में मक्का की खेती को प्रोत्साहित करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत जिले को 500 क्विंटल अनुदानित मक्का बीज वितरण का लक्ष्य मिला है, जिस पर किसानों को 50 फीसद अनुदान दिया जाएगा। जिले में बीज की आपूर्ति शुरू हो गई है और अब तक लक्ष्य के विरुद्ध 31 क्विंटल बीज प्राप्त भी हो चुका है।

पूसा द्वारा विकसित 'राजेंद्र हाइब्रिड मक्का-4' का मिलेगा बीज

कृषि विभाग की ओर से किसानों को 'राजेंद्र हाइब्रिड मक्का-4' प्रभेद का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा द्वारा विकसित यह उन्नत संकर किस्म बिहार की जलवायु और मिट्टी को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। रबी मौसम के लिए अनुशंसित यह फसल बुआई के लगभग 150 से 160 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। इसके दाने पीले रंग के और आकार में बड़े होते हैं, जिससे बाजार में किसानों को उपज का अच्छा मूल्य मिलने की उम्मीद है।

फसल पकने के बाद भी पत्तियां रहती हैं हरी, मिलेगा पौष्टिक चारा

इस किस्म की एक प्रमुख विशेषता यह है कि भुट्टा पूरी तरह पकने के बाद भी पौधे की पत्तियां और डंठल हरे बने रहते हैं। इससे किसानों को अनाज के साथ-साथ पशुओं के लिए पौष्टिक हरा चारा भी उपलब्ध हो सकेगा। मध्यम ऊंचाई वाले इस पौधे में प्रमुख रोगों और कीटों से लड़ने की अच्छी क्षमता है, जिससे फसल नुकसान की आशंका कम होती है और कीटनाशकों पर होने वाले खर्च में भी बचत होती है।

अनुदान का नहीं करना होगा इंतजार, सीधे आधी कीमत पर मिलेगा बीज

विभागीय जानकारी के अनुसार, इस बीज की कीमत करीब 98 रुपये प्रति किलो निर्धारित की गई है, जिस पर किसानों को 50 फीसद अनुदान मिलेगा। वितरण व्यवस्था की सबसे बड़ी राहत यह है कि अनुदान की राशि पहले ही घटाकर किसान से केवल आधी कीमत ली जाएगी, जिससे उन्हें सब्सिडी के पैसे के लिए अलग से इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्र में खेती के लिए बीज उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम अनुकूल रहने पर इस बार सुपौल में मक्का का रकबा और किसानों की आमदनी दोनों में बड़ा इजाफा होगा।

यह भी पढ़ें- अंग की खेती का जीवंत Document है छठ का सूप: BAU की छठ वाटिका में केला, सिंघाड़ा, नारियल, गन्ना, हल्‍दी, अदरक व कद्दू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।