अंग की खेती का जीवंत Document है छठ का सूप: BAU की छठ वाटिका में केला, सिंघाड़ा, नारियल, गन्ना, हल्दी, अदरक व कद्दू
BAU Sabour Chhath Vatika Agricultural Economy Nutrition Science Bhagalpur: लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार की समृद्ध कृषि संस्कृति, पोषण ...और पढ़ें

BAU Sabour Chhath Vatika Agricultural Economy Nutrition Science Bhagalpur: बीएयू की 'छठ वाटिका'
HighLights
छठ प्रसाद: कृषि संस्कृति, पोषण विज्ञान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रतीक।
बिहार में छठ पर 1000 करोड़ का बागवानी उत्पादों का कारोबार।
बीएयू सबौर 'छठ वाटिका' से पोषण अभियान को बढ़ावा दे रहा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। BAU Sabour Chhath Vatika Agricultural Economy Nutrition Science Bhagalpur: लोक आस्था के महापर्व छठ के सूप में सजे फल, कंद-मूल, नए अनाज और गन्ने को श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्पित कर अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं।
लेकिन इन पारंपरिक प्रसादों के पीछे अंग क्षेत्र की समृद्ध कृषि संस्कृति, पोषण विज्ञान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की एक बड़ी कहानी छिपी है। खेतों में किसानों की मेहनत से तैयार उपज जब सूप में सजती है, तो वह केवल पूजा सामग्री नहीं रह जाती, बल्कि क्षेत्र की मिट्टी, मौसम और कृषि विविधता का परिचय बन जाती है।
बिहार में दो दिनों में होता है एक हजार करोड़ के बागवानी उत्पादों का कारोबार
बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर के कुलपति डॉ. डीआर सिंह ने छठ के आर्थिक और कृषि महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि छठ के दौरान बिहार में केला, नारियल, गन्ना, मूली, नींबू, अदरक, लौकी (कद्दू) और फूलों जैसे बागवानी उत्पादों का महज दो दिनों में करीब एक हजार करोड़ रुपये का कारोबार होता है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा दर्शाता है कि आस्था का यह महापर्व किसानों और कृषि आधारित व्यापार के लिए कितना बड़ा अवसर है।
छठ के सूप में शामिल पारंपरिक प्रसाद और उनका पोषण विज्ञान
| पूजा सामग्री / उत्पाद | प्रमुख पोषक तत्व | स्वास्थ्य व वैज्ञानिक लाभ |
| गन्ना और गुड़ | प्राकृतिक शर्करा व ऊर्जा | शरीर को तत्काल ऊर्जा प्रदान करते हैं और थकान दूर करते हैं। |
| केला | कार्बोहाइड्रेट, पोटैशियम, विटामिन बी-6 | पाचन तंत्र को मजबूत रखने के साथ मांसपेशियों और हृदय को ऊर्जा देता है। |
| सिंघाड़ा | कार्बोहाइड्रेट और खनिज तत्व | मौसमी जल-फल होने के साथ शरीर को आवश्यक खनिज व ऊर्जा देता है। |
| आंवला और नींबू | भरपूर विटामिन-सी व एंटीऑक्सीडेंट | रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) बढ़ाते हैं और मौसमी संक्रमण से बचाते हैं। |
| गेहूं और नया चावल | कार्बोहाइड्रेट व फाइबर | संतुलित आहार के रूप में शरीर को दीर्घकालिक ऊर्जा प्रदान करते हैं। |
| कद्दू, अदरक, हल्दी व मूली | फाइबर, एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व व विटामिन | मौसमी बदलाव के दौर में पाचन सुधारने और शरीर की रोगरोधी क्षमता बढ़ाने में सहायक। |
कुलपति ने कहा कि छठ का सूप अंग की कृषि विरासत का जीवंत दस्तावेज है, जिसमें खेतों की उपज, किसानों का परिश्रम, स्थानीय बाजार की अर्थव्यवस्था और संतुलित भोजन का वैज्ञानिक संदेश समाहित है। बीएयू की 'छठ वाटिका' इस परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ खेती, प्रकृति और स्वास्थ्य के बीच संबंध को समझाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
बीएयू की छठ वाटिका और शोध से किसानों को मिल रही नई दिशा
बीएयू सबौर की छठ वाटिका प्रकृति और खेती के इस सदियों पुराने रिश्ते को वैज्ञानिक नजरिए से प्रस्तुत कर रही है। विश्वविद्यालय के शोध और कृषि प्रसार कार्यक्रमों में छठ से जुड़ी फसलों को विशेष महत्व दिया जा रहा है। विशेष रूप से सिंघाड़ा, मखाना, केला, अनानास और नारियल जैसी फसलों पर विश्वविद्यालय का अनुसंधान किसानों के लिए नई संभावनाएं खोल रहा है। बीएयू के न्यूजलेटर में भी छठ को कृषि गौरव और प्रकृति संरक्षण से जुड़ा पर्व बताया गया है।
छठ के प्रसाद में छिपा है पोषण का विज्ञान, 22 केवीके के जरिए चल रहा पोषण अभियान
बीएयू के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) डॉ. राजेश कुमार बताते हैं कि छठ के सूप में शामिल प्रत्येक उत्पाद का अपना वैज्ञानिक पोषण महत्व है। गन्ना और गुड़ जहां ऊर्जा के मुख्य स्रोत हैं, वहीं केला कार्बोहाइड्रेट, पोटैशियम और विटामिन बी-6 देता है। सिंघाड़ा कार्बोहाइड्रेट व खनिज तत्वों से भरपूर होता है, तो आंवला विटामिन-सी का प्रमुख स्रोत है। इसी प्रकार गेहूं और चावल ऊर्जा देने वाले प्रमुख अनाज हैं, जबकि कंद-मूल और मौसमी फल आहार में विविधता लाते हैं। यह पर्व स्थानीय और मौसमी खाद्य पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देता है।
इसी वैज्ञानिक सोच को आगे बढ़ाते हुए बीएयू ने 21 जून 2023 से कुपोषण उन्मूलन कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत छह कॉलेजों और 22 कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण वाटिका, संतुलित आहार और स्थानीय खाद्य उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अभियान में बच्चों और महिलाओं की लंबाई, वजन, बीएमआई और हीमोग्लोबिन जैसे स्वास्थ्य संकेतकों का नियमित आकलन भी किया जाता है।
"छठ के दौरान बिहार में केला, नारियल, गन्ना व मौसमी बागवानी उत्पादों का दो दिनों में करीब एक हजार करोड़ रुपये का कारोबार होता है। यह पर्व किसानों और कृषि अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा अवसर है। छठ का सूप अंग की कृषि विरासत का जीवंत दस्तावेज है, जिसमें किसानों का परिश्रम और संतुलित भोजन का वैज्ञानिक संदेश छिपा है।"
— डॉ. डीआर सिंह, कुलपति, बीएयू सबौर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।