सिवान में सरकारी स्कूलों की जमीन पर अवैध कब्जा रोकने को शिक्षा विभाग की पहल, अब परिसर की होगी जियो टैगिंग
शिक्षा विभाग ने सिवान के सभी सरकारी स्कूलों की जमीन को अतिक्रमण से बचाने के लिए जियो टैगिंग की पहल की है।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।
HighLights
सरकारी स्कूलों की जमीन की जियो टैगिंग होगी।
अतिक्रमण रोकने और सीमा सुनिश्चित करने का लक्ष्य।
हेडमास्टर यू-डायस प्लस ऐप से करेंगे अपलोड।
जागरण संवाददाता, सिवान। सरकारी विद्यालयों की जमीन को अतिक्रमण से बचाने और उनकी वास्तविक सीमा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने नई पहल की है।
इसके तहत जिले के सभी सरकारी स्कूलों की जमीन, भवन, मुख्य गेट और पूरे परिसर की जियो टैगिंग कराई जाएगी। इस व्यवस्था से विद्यालयों की भूमि और परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
इस कार्य की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालयों के हेडमास्टर और प्रधान शिक्षकों को सौंपी गई है। उन्हें यू-डायस प्लस कैप्चर एप के माध्यम से विद्यालय परिसर की वास्तविक तस्वीरें लेकर पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी।
इसके साथ ही विद्यालय का अक्षांश और देशांतर भी दर्ज करना अनिवार्य होगा। सभी जानकारियां केंद्रीय पोर्टल पर भेजी जाएंगी।
जियो टैगिंग से प्रत्येक विद्यालय की भौगोलिक स्थिति और जमीन की वास्तविक पहचान डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगी। इससे भविष्य में विद्यालय की जमीन पर होने वाले अवैध कब्जे की निगरानी करने में सहूलियत होगी।
साथ ही भूमि की सीमा को लेकर उत्पन्न होने वाले विवादों के निपटारे और अतिक्रमण की पहचान करने में भी मदद मिलेगी। विभाग की इस पहल से सरकारी स्कूलों की संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।