सिवान में जमीन हड़पने को 7 दिन तक वृद्धा को रखा भूखा-प्यासा, हत्या कर शव किया गायब; 6 पर केस
सिवान के बसंतपुर में जमीन हड़पने के लिए एक 60 वर्षीय वृद्धा को एक सप्ताह तक भूखा-प्यासा रखकर हत्या करने और शव गायब करने का आरोप लगा है।

सिवान में हत्या कर शव किया गायब (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
वृद्धा को जमीन हड़पने के लिए भूखा-प्यासा रखा गया।
हत्या कर शव गायब करने का आरोप छह लोगों पर।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
संवाद सूत्र, बसंतपुर (सिवान)। सिवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र के कोड़र गांव में मानवता को तार करने वाली घटना हुई है। एक वृद्धा को भूखे प्यासे रखने के बाद उसकी हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया गया है। मृतका भगवान प्रसाद की साठ वर्षीया पत्नी बचिया देवी बताई जाती हैं।
मामले में पतोहू मोख्तार प्रसाद की पत्नी रेखा देवी के आवेदन पर छह लोगों पर हत्या व शव गायब करने का आरोप लगाया गया है। आवेदन के बाद पुलिस ने 22 नवंबर को प्राथमिकी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं।
हत्या कर शव कमरे में छिपाकर रखा
रेखा देवी ने आवेदन में कहा है कि उसके भैसूर वकील प्रसाद व उनकी पत्नी मीरा देवी, पुत्र बिट्टू कुमार व विक्की कुमार, पुत्री दिव्या कुमारी के अलावा सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के मानोपाली निवासी लालबाबू प्रसाद के पुत्र रंजीत कुमार ने साजिश के तहत उसकी सास की भूमि हड़पने की नीयत से सभी ने उसकी सास को बंधक बना कर उन्हें एक सप्ताह तक घर में बंधक बना भूखे प्यासे रखा और उनकी हत्या कर शव कमरे में छिपाकर रख दिया।
जानकारी मिलने पर जब उसने पूछताछ की तो उनलोगों ने कुछ भी नहीं बताया और सभी लोग चोरी-चुपके शव लेकर कहीं चले गए। जब मैंने अपनी सास से मिलने की बात कही तो आनाकानी की और किसी अन्य ग्रामीण को मेरी सास से नहीं मिलने दिया गया।
पूर्व से ही भूमि विवाद चल रहा
मामले में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि दो पट्टीदारों के बीच पूर्व से ही भूमि विवाद चल रहा है। कई बार आपस में मारपीट की घटना हुई है। वरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन मिलने के बाद प्राथमिकी कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, लेकिन सभी आरोपित फरार हैं। जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।