सिवान मर्डर केस में 2 साल से फरार आरोपितों के खिलाफ कुर्की की तैयारी, पुलिस ने घर पर चिपकाया इश्तेहार
सिवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो साल से फरार हत्या के प्रयास के आरोपितों आकाश उर्फ बउका और उर्मिला देवी के घर इश्तेहार चस्पाया है।

इश्तेहार चिपकाती पुलिस। फोटो जागरण
HighLights
सिवान में दो साल से फरार हत्या के आरोपितों पर पुलिस कार्रवाई।
न्यायालय के आदेश पर आरोपितों के घर इश्तेहार चस्पाया गया।
फरार आरोपितों की संपत्ति कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू होगी।
जागरण संवाददाता, सिवान। जीबी नगर थाना क्षेत्र के गौर बुजुर्ग गांव में बुधवार को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर करीब दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपितों के घर इश्तेहार चस्पाया। इस दौरान पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़े के साथ गांव में पहुंचकर विधिवत मुनादी कराई और आरोपितों को न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी।
पुलिस की इस कार्रवाई से गांव में चर्चा का माहौल रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीबी नगर थाना में दर्ज कांड संख्या 570/2024 के मामले में गौर बुजुर्ग गांव निवासी आकाश उर्फ बउका और उर्मिला देवी फरार चल रहे हैं।
इस मामले में गांव निवासी दूधनाथ राम के फर्द बयान के आधार पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
मामले के अनुसंधानकर्ता सह जीबी नगर थाना में पदस्थापित अवर निरीक्षक उपेंद्र राय ने पुलिस बल के साथ न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि घटना के करीब दो वर्ष बीत जाने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और न ही उन्होंने न्यायालय से जमानत प्राप्त की है। इसी को लेकर न्यायालय के आदेशानुसार दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत इश्तिहार चस्पाया गया है।
सूचक दूधनाथ राम ने अपने फर्द बयान में आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री चांदनी कुमारी के साथ आरोपितों ने घटना को अंजाम दिया था। अनुसंधानकर्ता ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेशानुसार की जाएगी। धारा 83 के तहत कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू करने के लिए संबंधित पदाधिकारी से पत्राचार किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।