माथे पर सुपली लेकर छठ घाट पहुंचे सिवान DM, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर नदी संरक्षण का दिया संदेश
सिवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने दाहा नदी के पुलवा घाट पर छठ महापर्व के दौरान डूबते सूर्य को ...और पढ़ें

जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा। फोटो जागरण
HighLights
डीएम विजय प्रकाश मीणा ने छठ घाट पर अर्घ्य दिया।
पहली बार पूरे विधि-विधान से छठ महापर्व मनाया।
जल संरक्षण और नदी स्वच्छता का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
कीर्ति पांडेय, सिवान। लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा ऐसी है कि आम हो या खास, हर कोई छठी मईया की भक्ति में सराबोर नजर आता है।
इसी आस्था और श्रद्धा की अनूठी तस्वीर सिवान में देखने को मिली, जहां जिले के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा भी पूरी श्रद्धा के साथ छठी मईया की आराधना करते नजर आए।
दाहा नदी के पुलवा घाट पर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ छठ की परंपरा को आत्मसात किया, बल्कि जल संरक्षण और नदियों की स्वच्छता का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।
जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा माथे पर पूजा सामग्री से भरी सुपली लेकर घाट पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पूरी श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ छठी मईया की पूजा-अर्चना की और डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
जिलाधिकारी ने बताया कि पहली बार वे पूरी रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि दाहा नदी के तट पर इस पावन आराधना में शामिल होकर अर्घ्य देने के बाद उन्हें बेहद सुखद अनुभूति हुई।
उन्होंने छठ व्रतियों और समस्त सीवानवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए छठी मईया से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर एक बेहद महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि जिस नदी के तट पर हम आस्था के साथ सूर्योपासना करते हैं, उसे स्वच्छ रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
क्योंकि छठ केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, जल, सूर्य और स्वच्छता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश निश्चित रूप से समाज के लिए एक सकारात्मक प्रेरणा है।
यह भी पढ़ें- PHOTOS: बिहार में गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, छठ गीतों की गूंज के साथ डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य