सिवान में बरामद पटाखे और बम निष्क्रिय करने के दौरान विस्फोट, गुस्साए गांव वालो ने पुलिस टीम को घेरा
सिवान के आलमपुर गांव में बम और पटाखों को निष्क्रिय करते समय हुए तेज धमाके से इलाके में अफरातफरी मच गई।

लोगों से बात करते हैं महाराजगंज एसडीपीओ अमन। (जागरण)
HighLights
बम-पटाखे निष्क्रिय करते समय आलमपुर में तेज धमाका हुआ।
धमाके से आसपास के घरों के शीशे टूटे, धुएं से परेशानी।
नाराज ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों का घेराव किया।
जागरण संवाददाता, सिवान। जीबी नगर थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में बरामद बम और पटाखों को निष्क्रिय करने के दौरान शनिवार के दिन रात हुए तेज विस्फोट से इलाके में अफरातफरी मच गई।
धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूटने की बात सामने आई है। विस्फोट के बाद फैले धुएं से स्थानीय लोगों को सांस लेने में परेशानी होने की भी शिकायत मिली है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को घेर लिया। इस दौरान एसडीपीओ अमन और जीबी नगर थानाध्यक्ष को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
विस्फोट के बाद दहशत में आए ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, जीबी नगर थाना क्षेत्र के भलुआरा नहर के समीप आलमपुर गांव से बरामद बम और पटाखों को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही थी।
इसी दौरान अचानक तेज धमाका हो गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और घटनास्थल के आसपास भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों का कहना है कि विस्फोट के प्रभाव से आसपास के कई घरों के शीशे टूट गए। वहीं, धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, नुकसान और प्रभावित घरों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
धमाके और कथित नुकसान से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को घेर लिया। एसडीपीओ अमन और जीबी नगर थानाध्यक्ष को भी लोगों ने घेरकर विरोध जताया।
इससे घटनास्थल पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। ग्रामीणों की नाराजगी का कारण विस्फोट के दौरान हुई घटना और उससे आसपास के घरों को पहुंचे नुकसान को बताया जा रहा है।
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
घटना के बाद बम-पटाखों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया, सुरक्षा इंतजाम और घरों को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
मामले में पुलिस और प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल, घटना को लेकर इलाके में चर्चा और ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- पटाखा विस्फोट के बाद एक्शन में सिवान प्रशासन, 30 ठिकानों पर छापा; आधा दर्जन गोदाम सील
