विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ के बाद परदेस लौटने की मारामारी, बिहार से दिल्ली-पंजाब की ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं; शौचालय में सफर

Published: Tue, 17 Nov 2026 04:18 PM (IST)

छठ महापर्व संपन्न होने के बाद सिवान जंक्शन पर दिल्ली-पंजाब लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। ट्रेनों ...और पढ़ें

शौचालय में बैठकर सफर करते यात्री (सौ. जागरण)

शौचालय में बैठकर सफर करते यात्री (सौ. जागरण)

HighLights

  1. छठ के बाद सिवान जंक्शन पर यात्रियों की भीड़।

  2. दिल्ली-पंजाब जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़।

  3. यात्री शौचालय में बैठकर यात्रा करने को मजबूर।

जागरण संवाददाता, सिवान। छठ महापर्व संपन्न होने के बाद परदेस लौटने वाले यात्रियों की भीड़ सिवान जंक्शन पर उमड़ने लगी है। दिल्ली, पंजाब सहित देश के विभिन्न हिस्सों में जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। 

मंगलवार को 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के जंक्शन पहुंचते ही यात्रियों में सवार होने की आपाधापी मच गई। ट्रेन के जनरल से लेकर स्लीपर कोच तक खचाखच भरे रहे। स्थिति यह रही कि यात्रियों को शौचालय तक में जगह बनाकर सफर करना पड़ा।

जनरल और स्लीपर कोच में पैर रखने की जगह नहीं

बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में भीड़ का आलम यह था कि जनरल कोच में यात्रियों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही थी। स्लीपर कोच में भी क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। मजबूरी में कई यात्री लगेज यान और जनरल कोच के शौचालय में बैठकर सफर करने को विवश दिखे। 

वहीं, कुछ यात्री ट्रेन के दरवाजे पर लटककर यात्रा करते नजर आए। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

आरपीएफ और जीआरपी अलर्ट, 80 जवानों की तैनाती

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सिवान जंक्शन पर आरपीएफ के करीब 80 पदाधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बाहर से आरपीएसएफ के जवानों को भी बुलाया गया है। 

आरपीएफ और जीआरपी के जवान प्लेटफार्मों पर लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

स्पेशल ट्रेनों से राहत देने की कोशिश

रेलवे की ओर से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कई त्योहार विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इसके बावजूद दिल्ली और पंजाब की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी दबाव बना हुआ है। छठ के बाद कामकाज पर लौटने की जल्दबाजी में यात्री जोखिम उठाकर सफर करने को मजबूर हैं।

यह भी पढ़ें- टिकट की NO टेंशन! रेलवे ने पटना-आरा से दिल्ली-मुंबई के लिए चलाईं दर्जनों स्पेशल ट्रेनें, चेक करें टाइमिंग


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।