सीतामढ़ी में युवक की मौत पर हंगामा, दोस्तों पर घर से बुलाकर पीटने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
सीतामढ़ी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने दो दोस्तों पर घर से ...और पढ़ें

देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए और आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। Sitamarhi Youth Death Case: शहर के मेहसौल थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज के समीप एक निजी स्कूल के पास शनिवार देर शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
स्वजन का आरोप है कि दो युवक उसे घर से बुलाकर ले गए थे और फिर बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद युवक को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में छोड़कर दोनों वहां से चले गए।
घर से बुलाकर ले जाने का आरोप
मृतक की पहचान मेहसौल वार्ड संख्या-27 निवासी मोहम्मद सदरे आलम के पुत्र मोहम्मद आदिल के रूप में हुई है।
स्वजन के अनुसार, शनिवार शाम दो युवक आदिल को घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद मेहसौल ओवरब्रिज के समीप निजी स्कूल के पास उसके साथ मारपीट की गई।
अस्पताल में शव छोड़कर भागे
आरोप है कि घटना के बाद दोनों युवक आदिल को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे और इमरजेंसी वार्ड में छोड़कर फरार हो गए।
फरार होने से पहले आरोपितों ने ही स्वजन को फोन कर घटना की जानकारी दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजन और स्थानीय लोग सदर अस्पताल पहुंच गए।
स्वजन ने किया हंगामा
जवान बेटे का शव देखते ही स्वजन की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर गूंज उठा। देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए और आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले में सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदेहास्पद लग रही है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि युवक की मौत छत से गिरने के कारण हुई है। हत्या हुई है या नहीं, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
हिरासत की बात से इनकार
घटना को लेकर स्वजन के आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आदिल को घर से बुलाकर कौन ले गया था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। हालांकि, दो युवकों को हिरासत में लेने की बात से सदर एसडीपीओ ने इनकार किया है।