सीतामढ़ी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो लोगों को रौंदा, मौके पर मौत, सीएचसी पर ग्रामीणों का हंगामा
सीतामढ़ी के बैरगनिया में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो ...और पढ़ें

घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र के नंदवारा चौक के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो लोगों की जिंदगी छीन ली। अचानक हुई इस भीषण टक्कर में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के स्वजन में कोहराम मच गया। उधर, घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बैरगनिया पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
स्कॉर्पियो की टक्कर से दो की मौत
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह नंदवारा चौक के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (बीआर 30पी 9600) ने दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बैरगनिया थाना क्षेत्र के अशोगी गांव के वार्ड संख्या आठ निवासी मंदेश पासवान और सिखौना गांव के वार्ड संख्या 25 निवासी हरी ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीएचसी पर जुटे सैकड़ों ग्रामीण
घटना के बाद दोनों मृतकों के स्वजन और स्थानीय ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बैरगनिया पहुंच गए। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे सीएचसी परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बैरगनिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी है। हादसे के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।